Noida Road Accident: यूपी के नोएडा में एक तेज रफ्तार कैंटर की चपेट में आने से दो युवकों की मौत की खबर सामने आई है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतकों के परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
नोएडा में कहां हुआ सड़क हादसा
नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र के निक्को मोड़ के पास एक बाइक पर सवार होकर युवक ड्यूटी पर जाने के लिए बाहर निकले थे। तभी अचानक एक तेज रफ्तार कैंटर ने उन्हें टक्कर मार दी और यह हादसा हो गया। इस हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई थी, जबकि दूसरे युवक को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन इलाज के दौरान दूसरे युवक की भी मौत हो गई है।
ड्यूटी पर जाते हुए हादसा
पुलिस ने मृतकों की पहचान धीरज (20) और कुलदीप (25) के रूप में की है। अधिकारी ने बताया कि ये दोनों यामहा कंपनी में काम करते थे और ड्यूटी के लिए जा रहे थे तभी हादसे का शिकार हो गए। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मृतकों के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
(इनपुट - भाषा)
