Jharkhand Student Protest: झारखंड में भर्ती परीक्षा में अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग की और कांग्रेस एवं झामुमो पर राजनीति करने का आरोप लगाया।
जेपीएससी-जेएसएसी रिफॉर्म्स मंच ने शनिवार को ऐलान किया कि भर्ती परीक्षा में अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्र 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे।
राहुल का फूकेंगे पुतला
छात्र नेताओं ने आंदोलन को तेज करते हुए रविवार को सभी 24 जिला मुख्यालयों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला जलाने की योजना बनाई।
छात्र नेता पीयूष कुमार ने रांची में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा, ''जेपीएससी और जेएसएसी सीजीएल परीक्षा रद्द होनी चाहिए और इसके साथ ही सीबीआई जांच भी होनी चाहिए। अगर ऐसा नहीं होता है तो मुख्यमंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए।'' उन्होंने कहा कि हम कल से रांची सहित राज्यभर के जिला मुख्यालयों पर पुतले जलाएंगे।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
एक अन्य छात्र नेता रवींद्र पासवान ने स्पष्ट किया कि ये पुतले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के होंगे और उन्होंने कांग्रेस पर छात्रों की मांगों के बावजूद झारखंड सरकार का समर्थन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ''आज मैं आपसे कह रहा हूं... हम हेमंत सोरेन ही नहीं, राहुल गांधी का भी पुतला सभी 24 जिलों में जलाएंगे। राहुल गांधी ने ऑडियो कॉल पर हमसे बात की और कहा- हम आपके साथ हैं। अगर आप छात्रों के साथ हैं तो छात्रों के साथ बने रहिए।'' साथ ही छात्रों ने कहा कि अगर हमारी मांगें पूरी नहीं हुई तो हम आंदोलन तेज करेंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: रांची में आंदोलनकारी छात्रों ने फूंका पुतला, रवींद्र पासवान बोले- सरकार की मंशा नहीं आ रही समझ
'विधानसभा घेराव महज एक झलक'
पीयूष कुमार ने कहा कि 10 अगस्त को हुआ विधानसभा घेराव महज एक झलक मात्र थी, अभी 20 तारीख तो बाकी है। अगर एजेंसी द्वारा आयोजित सभी परीक्षाएं रद्द नहीं की गईं और सीबीआई जांच नहीं कराई गई तो झारखंड के सभी छात्र और युवा 20 तारीख को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे और जब तक जायज मांगें पूरी नहीं होंगे छात्र वहीं डटे रहेंगे।
