Noida News: यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार को यात्रियों से भरी एक डबल डेकर बस और एक ट्रक के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। इस जोरदार टक्कर के बाद बस रेलिंग तोड़ते हुए सड़क के नीचे चली गई, हालांकि गनीमत यह रही की बस गड्ढे में नहीं पलटी। घटना के बाद बस के शीशे तोड़ कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। इस हादसे में बस सवार सेना के एक जवान की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह सड़क हादसा नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र में हुआ।
बताया जा रहा है कि, यह डबल डेकर बस यात्रियों को लेकर गोरखपुर से चली थी और यह लुधियाना जा रही थी। घटना के समय इस बस में 70 यात्री सवार थे, ये सभी गोरखपुर से बस में सवार हुए थे। नोएडा पुलिस के अनुसार, बस की रफ्तार काफी तेज थी और सुबह के समय खेड़ा मोहम्मदाबाद गांव के नजदीक पहुंचने पर इसने आगे चल रहे एक ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक में पत्थर भरे थे, जिसके कारण बस आगे से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेस वे के किनारे लगे क्रैश बीम बैरियर को तोड़ती हुई नीचे चली गई। हादसे के समय ज्यादातर यात्री सो रहे थे। टक्कर होते ही यात्रियों में चीखपुकार मच गई।
डोगरा रेजीमेंट में तैनात था मृतक जवान
घटना की जानकारी मिलते ही एक्सप्रेस वे पर ड्यूटी कर रहे पेट्रोलिंग और पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल 10 यात्रियों को उपचार के लिए तत्काल निजी अस्पताल व ग्रेटर नोएडा के राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान भेजा गया। जहां पर उपचार के दौरान सेना के जवान की मौत हो गई।
मृतक की पहचान हिमाचल प्रदेश के देवबरारी गांव जिला कांगड़ा के रहने वाले लवी कुमार के तौर पर हुई है। मृतक भारतीय सेना के डोगरा रेजीमेंट में तैनात थे। इस घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है। वहीं इस हादसे में कई यात्रियों को मामूली चोटें भी आई हैं।
