Noida News: नोएडा में देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। उसे पकड़ने के बाद इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। बदमाश की पहचान योगेश के रुप में हुई है। योगेश घरों में घुसकर चोरी करने वाले बदमाशों के गिरोह का सदस्य है। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है।
बता दें कि, इस बदमाश की पुलिस को कई दिनों से तलाश थी। पूर्व में हुई मुठभेड़ में बदमाश फरार हो गया था। इसके दो अन्य साथियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
अप्रैल 2022 की मुठभेड़ में भाग गया था बदमाश
पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया बदमाश योगेश घरों में घुसकर चोरी करने वाले गिरोह का सदस्य है। सेंट्रल नोएडा के एडीसीपी साद खान मियां ने बताया कि, तीन अप्रैल 2022 को पुलिस मुठभेड़ के दौरान योगेश फरार हो गया था। इसके बाद से पुलिस योगेश की तलाश कर रही थी। हालांकि उस मुठभेड़ के दौरान इसके दो साथी आबिद व मुनेश को गिरफ्तार कर लिया गया था। ये सभी लोग मिलकर पहले घरों की रेकी करते थे। इसके बाद बंद घरों के ताले तोड़कर वहां चोरी की घटना को अंजाम देते थे।
पुलिस ने ऐसे दबोचा बदमाश को
एडीसीपी साद खान मियां के अनुसार, मुखबीर से सूचना मिलने पर पुलिस थाना फेस- 3 क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक बाइक पर योगेश को आता देख उसे पकड़ने के लिए पुलिस ने घेराबंदी शुरू की। अपने आप को घिरा देख योगेश ने पुलिस टीम पर फायर कर भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसे गोली लग गई और वह नीचे गिर गया। उसे पुलिस ने दौड़ाकर दबोच लिया। योगेश पर एनसीआर क्षेत्र में लगभग 16 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। बदमाश से अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तार बदमाश पर थाना फेस-3 में भी तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
