नोएडा

पहले मसाज के नाम पर लड़की कराते बुक, फिर बन जाता वीडियो; धीरे-धीरे कंगाल कर देता वसूली गैंग

नोएडा में मसाज पार्लर के नाम पर लोगों से पैसा ऐंठने वाले रैकेट का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। ऑनलाईन जस्ट डायल एप पर रॉयल मसाज थेरेपी के नाम पर मसाज के लिए ग्राहकों से लड़की बुक कराते और फिर वीडियो के नाम पर लोगों से वसूली करते।

Image

मसाज पार्लर के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गैंग का पर्दाफाश

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना फेस-3 पुलिस ने मसाज पार्लर की आड़ में लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में शिवम शर्मा, रोहित और राजन उर्फ राजू शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को पर्थला ओवरब्रिज के नीचे से पकड़ा है। उनके खिलाफ थाना फेस-3 में मुकदमा दर्ज है। पुलिस अब इस गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है।

कैसे करते ग्राहक से वसूली

गिरफ्तार अभियुक्तों ने "रॉयल मसाज थेरेपी, सेक्टर-70" के नाम से जस्टडायल एप पर फर्जी लिस्टिंग की थी। जब कोई ग्राहक मसाज के लिए कॉल करता था, तो शिवम और रोहित उसे कॉल कर अच्छी सेवा देने का आश्वासन देते थे। तय स्थान पर राजन ग्राहक से मिलता था और एक लड़की को साथ लाता था, जो उस लड़की से अलग होती थी जिसकी तस्वीर पहले ग्राहक को भेजी गई थी। यदि ग्राहक मसाज कराने से इनकार करता, तो आरोपी लड़की के साथ उसकी तस्वीर खींचकर उसे समाज में बदनाम करने की धमकी देते और रुपए ऐंठते। कई बार वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ग्राहकों से नकद या ऑनलाइन पैसे वसूलते थे।

एक साल से लोगों को लूट रहा था गैंग

यह गिरोह पिछले एक साल से इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। गिरफ्तार आरोपियों में शिवम शर्मा और रोहित मूल रूप से आगरा के रहने वाले हैं। वे नोएडा में ममूरा में रहकर अपने काले करनामों को अंजाम देते थे। उनके अलावा राजन उर्फ राजू हरियाणा के गुरुग्राम सेक्टर-10 का रहने वाला है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग करते समय सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article