नोएडा

तेजी से चल रहा एलिवेटेड रोड का मरम्मत कार्य, 10 दिन में पूरा होगा 70 प्रतिशत काम

नोएडा में एलिवेटेड रोड की मरम्मत का कार्य तेजी से चल रहा है। अगले 10 दिनों में सेक्टर-61 से 18 तक सड़क उखाड़ने और बिटुमिन डालने का काम किया जाएगा। जिसके बाद इस सड़क दिन में ट्रैफिक के लिए खोल दिया जाएगा।

Image

एलिवेटेड रोड पर मरम्मत का कार्य जारी

Noida News: नोएडा में एलिवेटेड रोड की मरम्मत का कार्य तेजी से चल रहा है। मरम्मत कार्य का 70 फीसदी काम दस दिनों में पूरा हो जाएगा। जिसके बाद दिन में एलिवेटेड रोड को सेक्टर-61 से 18 तक के लिए खोल दिया जाएगा। हालांकि रात में इस हिस्से को बंद रखा जाएगा। रात में इस हिस्से में मैस्टिक का काम किया जाएगा। अगले दस दिनों में सेक्टर-61 से 18 तक की सड़क को उखाड़ा जाएगा और बिटुमिन डालने का काम किया जाएगा। सेक्टर-18 से 61 की तरफ सड़क उखाड़ने और बिटुमिन डालने का काम किया जा चुका है। बीते करीब एक महीने में यह कार्य किया गया है। इस अवधि में सेक्टर-18 की तरफ से करीब सवा किमी हिस्से में मैस्टिक का काम भी पूरा किया जा चुका है। अभी सेक्टर-18 से 61 के हिस्से में रात में ट्रैफिक बंद रहता है और मैस्टिक का काम कराया जा रहा है। दिन के समय लोग इस रोड से आ जा रहे हैं।

7 अप्रैल से शुरू हुआ मरम्मत कार्य

एलिवेटेड रोड पर मरम्मत का काम 7 अप्रैल को शुरू हुआ था। यह रोड जगह-जगह से टूट चुकी थी। जिसके कारण प्राधिकरण ने रोड की मरम्मत करने का फैसला किया। निर्माण कंपनी ने रोड के दोनों तरफ की मरम्मत के लिए तीन महीने का समय मांगा था। वहीं प्राधिकरण अधिकारियों का दावा है कि एलिवटेडे रोड पर दोनों तरफ मरम्मत और मैस्टिक करने का काम अगले डेढ़ महीने में पूरा हो जाएगा। एलिवेटेड रोड की मरम्मत का कार्य नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे की ओर से कराया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि रोड की 65 एमएम की परत को उखाड़कर 40 एमएम की बिटुमिन परत बिछाई जा रही है और 25 एमएम की मैस्टिक कराई जा रही है। जिससे सड़क मजबूत हो जाएगी।

ये रोड हैं बंद

एलिवेटेड रोड पर फिलहाल सेक्टर-61 से 18 की तरफ मरम्मत का कार्य चल रहा है। इस हिस्से पर एक सप्ताह पहले रविवार से काम शुरू हुआ है। इसके चलते सेक्टर-61 से 31 के सी ब्लॉक के सामने तक यातायात को बंद किया गया है, जबकि सेक्टर-31 के लूप से 18 की ओर ट्रैफिक खुला हुआ है। इसके अलावा सेक्टर-24 एनटीपीसी लूप से एलिवेटेड रोड पर चढ़ने वाले कट को भी किसी काम के चलते बंद रखा गया है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article