Greater Noida Expressway: अगर आज आप ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से सफर करने वाले हैं, तो आपके लिए एक जरूरी खबर है। आज शाम को ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे कुछ देर के लिए बंद रहने वाला है। जिसकी वजह ये है कि आज देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ग्रेटर नोएडा आने वाले हैं। वे एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए सोमवार दोपहर को ग्रेटर नोएडा आएंगे। वे सड़क मार्ग के जरिए दिल्ली से ग्रेटर नोएडा आएंगे। जिसके कारण कुछ समय के लिए एक्स्प्रेसवे पर ट्रैफिक को रोका जाएगा।
इन रास्तों से ग्रेटर नोएडा आएंगे उपराष्ट्रपति
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ दिल्ली से डीएनडी और नोएडा होते हुए सड़क मार्ग से ग्रेटर नोएडा आएंगे। जिसके बाद शाम को वे इसी मार्ग के जरिए वापस दिल्ली लौटेंगे। उनके आगमन के चलते सुरक्षा व्यवस्था भी पुख्ता रहेगी। पुलिस अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रविवार को डीएनडी से ग्रेटर नोएडा तक सड़क मार्ग के निरीक्षण का कार्य भी किया।
वैकल्पिक रास्तों का करें इस्तेमाल
सोमवार को उपराष्ट्रपति के ग्रेटर नोएडा आगमन के चलते उनके आने-जाने के समय ट्रैफिक को करीब 15 से 20 मिनट तक रोका जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे इस दौरान एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल न करें, बल्कि वैकल्पिक रास्तों से होते हुए अपने गंतव्य तक जाएं। उपराष्ट्रपति के जाने के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात का आवागमन सामान्य रूप से ही होगा।
