नोएडा

Noida Crime News: महिला वकील को ‘डिजिटल अरेस्ट' कर 3.29 करोड़ की ठगी करने के मामले में तीन गिरफ्तार

दिल्ली से सटे नोएडा में एक वरिष्ठ महिला वकील को ‘डिजिटल अरेस्ट’ का डर दिखाकर साइबर ठगों ने 3.29 करोड़ रुपये की ठगी की। आरोपियों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर गिरफ्तारी की धमकी दी और महिला से फिक्स्ड डिपॉजिट तोड़कर पैसे ट्रांसफर करवा लिए। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

Image

नोएजा डिजिटल अरेस्ट मामले में पुलिस ने 3 को गिरफ्तार किया

Photo : Twitter

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में रहने वाली एक वरिष्ठ महिला वकील को ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर उनसे 3.29 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को शुक्रवार रात गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस उपायुक्त (साइबर क्राइम) प्रीति यादव ने बताया कि नोएडा के सेक्टर 47 में रहने वाली बुजुर्ग महिला वकील ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने उन्हें ‘डिजिटल अरेस्ट’ करके उनसे 3 करोड़, 29 लाख, 70 हजार रुपये की ठगी कर ली है।

उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ने शुक्रवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान दुपेंद्र सिंह, विनय समानिया और मनदीप के तौर पर हुई है। इस मामले में शामिल अन्य लोगों की पुलिस तलाश कर रही है।

खबरों के अनुसार पीड़ित महिला वकील को 10 जून 2025 को लैंडलाइन नंबर पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने बताया कि उनके आधार कार्ड का इस्तेमाल करके चार फर्जी बैंक खाते खोले गए हैं, जिनका इस्तेमाल हथियारों की तस्करी, ब्लैकमेलिंग और गैंबलिंग जैसे अपराधों में किया गया है। पीड़ित को बताया गया कि वह इस मामले में क्लीन चिट के लिए एक नंबर पर संपर्क करें। जब उन्होंने दिए गए नंबर पर कॉल किया तो उन्हें डराया गया कि उनके खिलाफ गंभीर आरोप हैं और उनकी गिरफ्तारी भी हो सकती है।

बाद में पीड़ित को व्हाट्सएप कॉल कर फर्जी पुलिस स्टेशन से कॉल आया। एक आरोपी ने स्वयं को वरिष्ठ पुलिस अधिकारी 'प्रवीण सूद' बताया। पीड़ित को एक डिजिटल गिरफ्तारी वारंट भी भेजा गया और यह भरोसा दिलाया गया कि वह एक गंभीर अपराध में शामिल हैं। डर के मारे पीड़ित महिला ने किसी से बात नहीं की और ठगों के कहने पर अपना फिक्स्ड डिपॉजिट तुड़वाकर दो खातों में पैसा ट्रांसफर कर दिया।

पीड़ित ने 16 जून से 24 जून 2025 के बीच केनरा बैंक और ICICI बैंक खातों से कुल 5 बार RTGS के जरिए विभिन्न खातों में पैसा ट्रांसफर किया। जिनमें 63 लाख राजस्थान के वीपुल नगर, गोविंदगढ़ स्थित एक खाते में, 71 लाख केनरा बैंक खाते में, 93 लाख एमपी ग्लोबल और सिंग ट्रेडर्स के खातों में 87 लाख और 15.70 लाख आईसीआईसीआई बैंक खाते से आइस्वाल एंटरप्राइज और टीआर मोहन कुमार के खातों में भेजे गए हैं। पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता ने दो व्यक्तियों शिवा प्रसाद और प्रदीप सावंत के नाम भी दिए। साथ ही एक व्यक्ति ने खुद को प्रवीण सूद बताकर उनसे संपर्क किया था।

Input - PTI (Bhasha)

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article