भोपाल : एमपी में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 'प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना' में फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्रों के जरिए 9.50 करोड रुपए की बीमा पॉलिसी लेने के फर्जीवाड़े का सनसनीखेज खुलासा हुआ है, जिसने पूरे सिस्टम की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में जिंदा लोगों को कागजों में मृत दिखाया गया, फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाए गए और बीमा कंपनियों से क्लेम की रकम हड़प ली गई।।।
ग्वालियर, मुरैना से लेकर रतलाम और राजस्थान की सीमाओं तक फैले इस संगठित सिंडिकेट के खिलाफ एमपी सीआईडी ने दो एफआईआर दर्ज की हैं। अब तक 121 मामलों में सीधी ठगी का पता चला है, जबकि 482 से अधिक बैंक खाते जांच के दायरे में हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर इतने बड़े स्तर पर फर्जीवाड़े का यह खेल बैंक, निकाय और बीमा कंपनियों की नाक के नीचे कैसे चलता रहा।
देश की तरह MP में गरीबों और आम जनता के लिए शुरू की गई केंद्र सरकार की सबसे बड़ी सामाजिक सुरक्षा योजना को ही शातिर ठगों ने अपनी काली कमाई का जरिया बना लिया।।। 'प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना' के तहत 9.5 करोड़ रुपये के बड़े घोटाले का पर्दाफाश हुआ है। संगठित आपराधिक गिरोह ने जिंदा इंसानों को सरकारी रिकॉर्ड में मृत घोषित कर दिया और बीमा कंपनियों से करोड़ों के क्लेम ऐंठ लिए।।।
फर्जीवाड़े का यह सिंडिकेट सिर्फ एक शहर तक सीमित नहीं था। गिरोह ने ग्वालियर, मुरैना, रतलाम और प्रदेश के अन्य हिस्सों में विभिन्न बैंकों के भीतर फर्जी नामों से सैकड़ों संदिग्ध खाते खुलवाए। बदले में गरीबों को सरकारी योजनाओं का सपना दिखाया गया, उनके दस्तावेज लिए गए और उनकी जानकारी के बिना अलग-अलग बीमा कंपनियों में सैकड़ों पॉलिसियां ले ली गईं।
- प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना केंद्र सरकार की आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बीमा कवर प्रदान करने की योजना
- 436 के सालाना प्रीमियम पर मिलता है ₹2 लाख का बीमा कवर
- गिरोह ने शिकार बनाए गए लोगों की 1 या 2 किश्तें खुद जमा करवाईं।
- बीमा लेने के 1 महीने से 1 साल के भीतर बीमित व्यक्ति को प्राकृतिक मृत बता दिया गया।
- नगरीय निकायों के कर्मचारियों से मिलीभगत कर फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाए गए।
- क्लेम की पूरी रकम गिरोह के ही नामांकित व्यक्तियों के खातों में ट्रांसफर करवाई गई।
फर्जीवाड़े की गहराई का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक ही परिवार के दो से तीन सदस्यों की मौत कभी एक ही हफ्ते में तो कभी एक महीने के भीतर दर्शा दी गई।।। हद तो यह रही कि बीमित व्यक्ति का पता कहीं और था, मृत्यु किसी दूसरे स्थान पर दिखाई गई और मृत्यु प्रमाण पत्र किसी तीसरे ही स्थान से जारी करवा लिया गया।
मामले में एमपी सीआईडी ने अब तक 2 एफआईआर दर्ज की हैं, जिनमें 121 क्लेम रिकॉर्ड में सीधे फर्जीवाड़े की पुष्टि हो चुकी है। वहीं 482 से अधिक संदिग्ध खातों की गहनता से जांच की जा रही है लेकिन आखिर इस पूरे गोरखधंधे का राजफाश कैसे हुआ।।।
- अलग-अलग लोगों के बैंक खातों और बीमा फॉर्म में एक ही मोबाइल नंबर दर्ज मिला।
- अधिकतर मामलों में अलग-अलग बीमा धारकों की पॉलिसियों में एक ही व्यक्ति को नॉमिनी बनाया गया था।
- मौतों के इस असामान्य पैटर्न और खातों में एक जैसी जानकारियों से पुलिस और एजेंसियों का शक गहराया।
- बैंकों ने शुरुआती स्तर पर न तो एक समान मोबाइल नंबरों पर ध्यान दिया और न ही संदिग्ध खातों की जांच की।
- कई खातों में एक ही ई-मेल आईडी
ठगी की रकम को ठिकाने लगाने और कानून से बचने के लिए गिरोह ने बेहद शातिर रणनीति अपनाई थी। बैंक खाते मध्य प्रदेश के ग्वालियर, चंबल और मुरैना में खुलवाए गए, लेकिन जैसे ही बीमा क्लेम का पैसा खातों में आया, उसे एमपी और राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों जैसे रतलाम, सवाई माधोपुर और श्रीगंगानगर के एटीएम से तुरंत नकद निकाल लिया गया ताकि पुलिस नेटवर्क तक न पहुंच सके।
रतलाम स्थित फेडरल बैंक के 62 खातों में से ढाई करोड रुपए क्लेम किए गए। 121 पॉलिसी धारकों में से 28 की मृत्यु प्रमाण पत्र राजस्थान के सवाई माधोपुर से। 13 नगर निगम ग्वालियर ,07 मालनपुर भिंड 06 ग्राम लेचौरा तहसील गोहद 04 ग्राम पार्वती बड़ौदा जिला शिवपुरी 01 कैलारस मुरैना से जारी किए गए।
एक ही पते पर कई खाते
जैन बगीची रामनगर मुरैना मध्य प्रदेश के पते पर 12 बैंक खाते, थाटीपुर ग्रिड के ग्वालियर के पते पर 12 बैंक खाते, गायत्री कॉलोनी मुरैना के पते पर 09 बैंक खाते, नारायण विहार कॉलोनी गोले का मंदिर के पते पर 03 बैंक खाते पाये गये।
जांच का दायरा अब मध्य प्रदेश से निकलकर दूसरे राज्यों तक फैल चुका है। सीआईडी ने जांच को आगे बढ़ाते हुए अब तक इंदौर की पीपल्याहाना शाखा से 59 खातों के फॉर्म, केवाईसी और लेन-देन के स्टेटमेंट जब्त किए हैं। इसके अलावा बेंगलुरु स्थित पंजाब नेशनल बैंक की रामानगरम शाखा और छिंदवाड़ा छत्तीसगढ़ से जुड़े 3 बीमा धारकों के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।
