शहर

Noida News: अपहरण की कोशिश से बचने के लिए चलती कार से कूदी युवती, पुलिस ने आरोपी दबोचा

नोएडा में एक युवती ने देर रात ऑफिस से घर लौटते समय कथित अपहरण के प्रयास से बचने के लिए चलती कैब से छलांग लगा दी। युवती का आरोप है कि कैब चालक ने निर्धारित रूट बदलकर बदसलूकी की और मोबाइल छीनने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ जारी है।

Image

युवती के अपहरण की कोशिश करने वाला कैब ड्राइवर गिरफ्तार (सांकेतिक चित्र)

Noida News: नोएडा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां देर रात ऑफिस से घर लौट रही एक युवती ने कथित अपहरण के प्रयास से बचने के लिए चलती कैब से कूदकर अपनी जान बचाई थी। इस घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कैब चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला थाना फेस-3 क्षेत्र का है। पीड़िता नोएडा के सेक्टर-68 स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत है।

30 नवंबर को हुई थी घटना

जानकारी के अनुसार, 30 नवंबर की रात करीब 11:40 बजे युवती ने ऑफिस से घर जाने के लिए एक कैब बुक की थी। युवती का आरोप है कि कैब चालक ने निर्धारित रूट से हटकर वाहन को दूसरे रास्ते पर मोड़ दिया। जब युवती ने इसका विरोध किया और सही रास्ते पर चलने के लिए कहा, तो चालक ने न सिर्फ बदसलूकी की बल्कि कार की खिड़कियां खोलने और वाहन से उतरने से भी रोक दिया। इसके बाद युवती को किसी अनहोनी की आशंका होने लगी। इसी दौरान चालक ने उसका मोबाइल फोन छीनने का भी प्रयास किया। जब कार की रफ्तार कुछ कम हुई तो युवती ने साहस दिखाते हुए चलती कार से छलांग लगा दी। इस दौरान उसे चोटें भी आईं, लेकिन उसकी जान बच गई।

पहले पुलिस ने नहीं दर्ज की FIR

घटना के बाद पीड़िता के भाई ने थाना फेस-3 में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि शुरुआत में पुलिस ने FIR दर्ज नहीं की और पीड़िता को भटकाया गया। हालांकि, बाद में शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया।

आरोपी नोएडा से गिरफ्तार

पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी कैब चालक की तलाश शुरू की। थाना फेस-3 पुलिस ने 17 दिसंबर 2025 को वांछित अभियुक्त सौरभ कुमार पुत्र मुकेश को सेक्टर-69 नोएडा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र 24 वर्ष बताई जा रही है। वह मूल रूप से ग्राम अमृत रबूपुर, थाना जसरथपुर, जिला एटा का रहने वाला है और वर्तमान में भंगेल, थाना फेस-2 क्षेत्र में रह रहा था। आरोपी की शिक्षा आठवीं कक्षा तक बताई गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इनपुट-आईएएनएस

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article