शहर

जेवर एयरपोर्ट से आज किसानों ने स्पेशल फ्लाइट से भरी उड़ान, बोले- 'जमीन दी थी, अब विकास का सपना उड़ान भर रहा'

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की पहली कमर्शियल फ्लाइट आज से शुरू हो गई है। इस मौके पर स्पेशल फ्लाइट से 170 किसानों ने लखनऊ के लिए उड़ान भरी। इस परियोजना के लिए अपनी जमीन देने वाले किसानों ने इस मौके पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने इस परियोजना को क्षेत्र के विकास और अपने योगदान की ऐतिहासिक पहचान बताया।

Image

Noida Airport passagers - ANI

Photo : ANI

Noida Airport: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 जून यानी आज से कमर्शियल उड़ान सेवाओं की औपचारिक शुरुआत हो गई है। इस ऐतिहासिक मौके को और स्पेशल बनाने के लिए एयरपोर्ट प्रोजेक्ट के लिए अपनी जमीन देने वाले लगभग 170 किसानों को पहली उड़ान का हिस्सा बनाया गया। इनमें 20 महिला किसान भी शामिल हैं। इस अवसर पर किसानों की खुशी साफ झलक रही है। उन्होंने इस खास पहल को सम्मान और विश्वास का प्रतीक बताया। कई किसानों ने इसे अपने जीवन का यादगार और गर्व का पल बताया। किसान स्पेशल उड़ान से आज लखनऊ पहुंचे, जहां उनकी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात प्रस्तावित है।

किसान इब्राहिम ने कहा कि उनके गांव की जमीन और मकान एयरपोर्ट परियोजना में गए हैं, लेकिन उन्हें खुशी है कि यह परियोजना पूरे क्षेत्र और उत्तर प्रदेश के विकास का आधार बनेगी। उन्होंने कहा कि जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने वादा किया था कि एयरपोर्ट बनने के बाद पहली फ्लाइट किसानों की होगी और आज वह वादा पूरा होने जा रहा है।

'जमीन नहीं, भविष्य सौंपा था' - महिला किसान का भावुक बयान

वहीं महिला किसान रीता सिंह ने भावुक अंदाज में कहा कि उन्होंने सिर्फ अपनी जमीन नहीं दी, बल्कि अपने बच्चों का भविष्य सौंपा था। उन्होंने कहा कि देश में कई एयरपोर्ट बने हैं, लेकिन शायद यह पहला मौका है जब किसी एयरपोर्ट की पहली यात्रा में जमीन देने वाले किसान शामिल हुए हैं। उन्होंने सभी महिला किसानों की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और विधायक धीरेंद्र सिंह का धन्यवाद दिया और कहा कि किसानों को इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनाना सम्मान की बात है।

जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि आज का दिन बहुत खास और ऐतिहासिक है। नोएडा एयरपोर्ट का सपना अब साकार होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने इस परियोजना के लिए अपनी जमीन दी थी, वही किसान अब इस एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले विमानों में सफर करेंगे। उन्होंने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का पल बताते हुए मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री का आभार जताया।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article