शहर

अब नोएडा एयरपोर्ट पहुंचना हुआ आसान, 15 जून से दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें, देखें रूट्स

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से इलेक्ट्रिक बस सेवा 15 जून से शुरू होगी। पहले चरण में चार रूटों पर 15 ई-बसों का संचालन किया जाएगा। बसें ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट को एयरपोर्ट से कनेक्ट करेंगी। एक महीने के ट्रायल के बाद रूट और बसों की संख्या को बढ़ाया जा सकती है।

Image

e bus for noida airport

नोएडा एयरपोर्ट के शुरू होने के साथ ही यात्रियों के लिए बेहतर पब्लिक ट्रांसपोर्ट सुविधा देने की तैयारी तेज हो गई है। 15 जून से एयरपोर्ट से उड़ान सेवा शुरू हो जाएगी। इसके साथ ही इलेक्ट्रिक बस सेवा की शुरुआत करने की भी तैयारी है। 15 जून से एयरपोर्ट के लिए इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। पहले फेज में चार अलग-अलग रूटों पर 15 ई-बसें चलाई जाएंगी। इन बसों का संचालन यूपी रोडवेज द्वारा किया जाएगा।

एक महीने तक ट्रायल पर चलेंगी ई-बसें

अधिकारियों के अनुसार इन बसों को शुरुआत में एक महीने तक ट्रायल के तौर पर चलाया जाएगा। इसके बाद यात्रियों की संख्या और जरूरत के अनुसार बसों की संख्या और नए रूट को बढ़ाया जा सकता है। इस योजना का मकसद ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट के नागरिकों को एयरपोर्ट तक आसान और सस्ती सार्वजनिक ट्रांसपोर्ट सुविधा देना है।

चार रूटों पर चलेंगी 15 ई-बसें

जिन चार रूटों पर ई-बसों का संचालन किया जाएगा। उनमें पहला रूट ग्रेटर नोएडा वेस्ट के चार मूर्ति चौक से होकर सूरजपुर टी-प्वाइंट और परी चौक से होते हुए नोएडा एयरपोर्ट तक जाएगा। इस रूट पर चार बसों को चलाया जाएगा। दूसरा रूट चार मूर्ति चौक से शुरू होकर 130 मीटर रोड और जिम्स (राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान) के रास्ते एयरपोर्ट तक जाएगा। इस रास्ते पर भी चार ई-बसें संचालित होंगी।

तीसरा रूट ग्रेटर नोएडा ईस्ट से 130 मीटर रोड, मकौड़ा रोटरी और नासा पार्किंग से होते हुए एयरपोर्ट तक जाएगा। यहां पर भी चार बसें चलाई जाएंगी। चौथा रूट औद्योगिक सेक्टर-16 से तिलपता रोटरी, स्वर्णनगरी, यथार्थ हॉस्पिटल और जीबीयू के रास्ते एयरपोर्ट तक पहुंचेगा। इस रूट पर तीन बसों को चलाने की योजना है।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ (ACEO) प्रेरणा सिंह के अनुसार, नोएडा एयरपोर्ट से फ्लाइट शुरू होने के पहले दिन से ही इलेक्ट्रिक बस सेवा भी शुरू करने की तैयारी है। इससे यात्रियों की निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी और एयरपोर्ट तक पहुंचना पहले से ज्यादा आसान हो जाएगा।

किन रूटों पर चलेंगी ई-बसें

  • ग्रेटर नोएडा वेस्ट के चार मूर्ति चौक से सूरजपुर टी-प्वाइंट और परी चौक होते हुए नोएडा एयरपोर्ट तक 4 इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी।
  • चार मूर्ति चौक से 130 मीटर रोड और जिम्स (GIMS) हॉस्पिटल होते हुए नोएडा एयरपोर्ट तक 4 ई-बसें चलेंगी।
  • ग्रेटर नोएडा ईस्ट से 130 मीटर रोड, मकौड़ा गोलचक्कर और नासा पार्किंग के होते हुए 4 ई-बसें नोएडा एयरपोर्ट तक जाएंगी।
  • औद्योगिक सेक्टर-16 से तिलपता रोटरी, स्वर्णनगरी, यथार्थ हॉस्पिटल और जीबीयू होते हुए 3 ई-बसें नोएडा एयरपोर्ट तक चलेंगी।
Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article