शहर

बिहार में CM पद की रेस पर Nitish Kumar के मंत्री ने दिया मजेदार जवाब, आप भी देखें Video

बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? ये प्रश्न तो सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की घोषणा के बाद से ही पूछा जा रहा है। इसी प्रश्न का उनके मंत्री विजय कुमार चौधरी ने मजेदार जवाब दिया।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो चुके हैं। हाल ही में उन्होंने बिहार राज्य विधान परिषद से भी इस्तीफा दे दिया है। उनके मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद राज्य में NDA के विधायक अपना नेता चुनेंगे और नई सरकार बनाने की कवायद शुरू हो जाएगी। बिहार के मौजूदा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने नीतीश कुमार की राज्यसभा सदस्यता और बिहार के सीएम की रेस पर पूछे गए प्रश्नों का मजेदार जवाब दिया। आप भी सुनें।

बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने आज यानी बुधवार 8 अप्रैल को मीडिया से बात करते हुए कई प्रश्नों के उत्तर दिए। उन्होंने कहा, स्वाभाविक रूप से मुख्यमंत्री जी राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं तो वह शपथ लेंगे। उन्होंने बताया कि नीतीश कुमार कल यानी गुरुवार 9 अप्रैल को दिल्ली जाएंगे और शुक्रवार 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्यता की शपथ लेंगे।

बिहार में नई सरकार का गठन कब होगा?

बिहार के मंत्री ने कहा कि दिल्ली में राज्यसभा सदस्य के तौर पर शपथ लेकर लौटने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा देंगे। मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद NDA के सभी दल आपस में बैठकर निर्णय करेंगे और इसके बाद बिहार में नई सरकार का गठन होगा।

बिहार के मुख्यमंत्री की रेस में कौन-कौन?

जब से नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने का फैसला किया है, तभी से यह प्रश्न पूछे जाने लगे और कयास भी लगाए जाने लगे कि बिहार की कमान अब किसके हाथों में आएगी। इसके बाद नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन किया, चुनाव हुए और वह जीत भी गए। फिर उन्होंने राज्य विधान परिषद से इस्तीफा भी दे दिया और अब वह शुक्रवार 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्यता के लिए शपथ भी लेने जा रहे हैं। एक प्रश्न का उत्तर अब भी नहीं मिला है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा?

मंत्री विजय कुमार चौधरी के सामने भी पत्रकारों ने यही प्रश्न रख दिया। गाड़ी में बैठने जा रहे विजय कुमार चौधरी इस मजेदार प्रश्न पर मुस्कुराए और कहा, एक बार फिर से पूछिए आप क्या पूछ रहे थे। फिर जब उनके सामने प्रश्न दोहराया गया कि सीएम की रेस में कौन-कौन है? इस पर उन्होंने कहा, जिस-जिस को आप रेस में दौड़ा देते हैं। उनके इस जवाब पर वहां सभी की हंसी छूट गई और वह स्वयं भी मुस्कुराते हुए गाड़ी में बैठकर आगे बढ़ चले।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!