एजुकेशन

संव‍िधान दिवस पर जानें प्रस्तावना में संप्रभु, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक और गणराज्य का क्या है अर्थ

Constitution Day 2026: संविधान की प्रस्तावना में 5 ऐसे महत्वपूर्ण शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, जिसका सही अर्थ न केवल प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी करने वाले उम्मीदवारों के जरूरी है, बल्कि हर नागरिक के लिए समझाना आवश्यक है।

Image

Constitution Day 2026 (Photo - AI/Newsroom Verified)

Constitution Day 2026: भारतीय संविधान की प्रस्तावना (Preamble) को संविधान की आत्मा या कुंजी कहा जाता है। यह संक्षिप्त भूमिका हमें बताती है कि भारत किस प्रकार की शासन व्यवस्था अपनाता है और नागरिकों को किस तरह का समाज व न्याय देने का लक्ष्य रखता है। अगर आपने कभी संविधान की प्रस्तावना पढ़ी होगी तो उसके पांच सबसे ताकतवर शब्द —संप्रभु, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक और गणराज्य भी जरूर पढ़ा होगा। यह सभी शब्द हमारे राष्ट्र के स्वरूप की आधारशिला माने जाते हैं। परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों से लेकर हर जागरूक नागरिक तक, इन शब्दों का सही अर्थ समझना बेहद जरूरी है ताकि हम अपने संवैधानिक मूल्यों को प्रैक्टिस में ला सकें। आइए इस संविधान दिवस जानें इसके असली अर्थ के बारे में।

संप्रभु का अर्थ

संप्रभु जिसे अंग्रेजी में Sovereign कहा जाता है। इसका अर्थ अपने फैसले लेने की सर्वोच्च आजादी होता है। इसका सीधा अर्थ है कि भारत अपने आंतरिक और बाहरी मामलों में पूरी तरह स्वतंत्र है और किसी बाहरी शक्ति या देश के अधीन नहीं है। वह देश के भीतर स्वतंत्र रूप से कानून बना सकता है। साथ ही नीतियां तय करने या विदेश नीति व अंतरराष्ट्रीय संबंधों पर निर्णय लेने का अंतिम अधिकार भारत के पास है। इसमें वह किसी भी बाहरी देश की दखलअंदाजी नहीं चाहता है।

यहां संप्रभुता अर्थ किसी राजा या तानाशाह से नहीं है, बल्कि इसका अर्थ देश की जनता से है। प्रस्तावना की शुरुआत ही 'हम भारत के लोग' से होती है। इसका अर्थ है कि भारत की संप्रभुता भारत के लोगों में निहित है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - कैसे करता है Constitution भारत की विविधता की रक्षा

समाजवादी का अर्थ

'समाजवादी' शब्द यह दर्शाता है कि राज्य का लक्ष्य समाज में विषमता घटाना और संसाधनों का न्यायसंगत वितरण सुनिश्चित करना है। आसान भाषा में इसका अर्थ समान अवसर, सामाजिक-आर्थिक न्याय से है। बता दें कि शुरुआत में यह प्रस्तावना का हिस्सा नहीं था, लेकिन 42वें संविधान संशोधन, 1976 से इसे प्रस्तावना में जोड़ा गया।

यहां इसका सटीक अर्थ यह है कि भारत का समाजवाद किसी एक कठोर विचारधारा के बजाय लोकतांत्रिक समाजवाद के करीब है, जहां सार्वजनिक क्षेत्र और निजी क्षेत्र दोनों की भूमिका के साथ-साथ जनकल्याण को प्राथमिकता दी जाती है। इसका उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं तक हर वर्ग की पहुंच बढ़ाकर सामाजिक व आर्थिक न्याय को मजबूत करना है।

पंथनिरपेक्ष का अर्थ

'पंथनिरपेक्ष' को अंग्रेजी में Secular कहा जाता है। इसका अर्थ शब्द सभी पंथों व विश्वासों का समान सम्मान करना है। यह स्पष्ट करता है कि भारतीय राज्य का अपना कोई आधिकारिक या विशेष धर्म नहीं है। यहां सभी धर्मों व पंथों के प्रति समान सम्मान और निष्पक्षता का भाव रखा जाता है,और हर नागरिक को अपने धर्म या विश्वास को मानने व उसका आचरण करने की स्वतंत्रता है। भारतीय संदर्भ में पंथनिरपेक्षता का अर्थ धर्म से पूरी तरह विमुख होना नहीं, बल्कि सभी पंथों के बीच सद्भाव, समानता और धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा करना है। समाजवादी शब्द की तरह ही पंथनिरपेक्ष को भी 42वें संशोधन, 1976 द्वारा जोड़ा गया है।

लोकतांत्रिक का अर्थ

जब लोकतंत्र शब्द सामने आता है, तो बचपन में स्कूलों में सिखाई हुई बात "जनता का, जनता के द्वारा और जनता के लिए शासन" याद आ जाता है। जी हां, यहां 'लोकतांत्रिक' का अर्थ ऐसी शासन व्यवस्था से है, जहां सत्ता की अंतिम शक्ति जनता के पास होती है और लोग नियमित, स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनावों के जरिए अपने प्रतिनिधि का चुनाव करते हैं। भारत में संसदीय लोकतंत्र की व्यवस्था है, जहां चुनी हुई सरकार जनता के प्रति जवाबदेह होती है। बता दें कि यहां लोकतंत्र का अर्थ केवल मतदान करना ही नहीं है, बल्कि कानून के शासन, समानता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से भी जुड़ा है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Constitution Day 2026: संविधान में 11 मौलिक कर्तव्य कौन से हैं?

गणराज्य का अर्थ

'गणराज्य' जिसे अंग्रेजी में रिपब्लिक कहा जाता है। यह शब्द बताता है कि देश का सर्वोच्च पद यानी भारत के राष्ट्रपति वंशानुगत यानी खानदानी/राजा-महाराजा की तरह नहीं होता, बल्कि प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से चुना जाता है। गणराज्य में कोई विशेषाधिकार प्राप्त शासक वर्ग नहीं होता। यहां हर नागरिक को योग्यता और संवैधानिक प्रक्रिया के आधार पर आगे बढ़ने व सार्वजनिक पदों तक पहुंचने का अवसर मिलता है।

आसान शब्दों में कैसे याद रखें इन्हें

प्रस्तावना में दिए गए इन पांच शब्दों को अलग-अलग रटने के बजाय एक क्रम में 'जनता संप्रभु है, जो लोकतांत्रिक तरीके से ऐसा गणराज्य चलाती है, जो समाजवादी और पंथनिरपेक्ष मूल्यों पर आधारित है।' इसे समझे। इससे आपको न केवल समझना आसान होगा कि इनका अर्थ क्या है, बल्कि यह आपको लंबे समय के लिए याद भी रहेगा। परीक्षा के दौरान जब भी इससे संबंधित कोई प्रश्न आपके सामने आएगा, तो आपको उत्तर देते हुए सोचना नहीं पड़ेगा। जैसे आपने जनता का, जनता के द्वारा और जनता के लिए शासन याद किया है, ठीक उसी प्रकार आप प्रस्तावना के इन 5 शब्दों और अर्थ को याद और आसानी से समझ पाएंगे।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article