Pune News: पुणे के आईटी हब हिंजवाड़ी से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक Softwere Engineer ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। दोनों के बीच पिछले कुछ महीनों से विवाद चल रहा था। रविवार देर रात दोनों के बीच शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि आरोपी ने युवती को कई बार मुक्के मारे। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर एंबुलेंस बुलाने की सूचना दी। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
मृतका की पहचान कोमल दहाले के रूप में हुई है, जो विप्रो में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थी। वह महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के वर्धा जिले की रहने वाली थी। वहीं, आरोपी की पहचान शुभम कालबांडे के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र के ही बुलढाणा जिले का निवासी है। आरोपी के बारे में बताया जा रहा है कि वह इंफोसिस में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है।
डिनर के बाद पीजी लौटे थे दोनों
पुलिस के मुताबिक, रविवार रात कोमल और शुभम डिनर के लिए एक होटल गए थे। खाना खाने के बाद दोनों हिंजवाड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत सखारे वस्ती स्थित उस पीजी में लौट आए, जहां कोमल रहती थी।
बताया गया है कि पिछले कुछ महीनों से दोनों के बीच कुछ मुद्दों को लेकर अक्सर बहस होती रहती थी। रविवार रात भी उनके बीच विवाद शुरू हो गया। रात करीब 12:30 बजे शुरू हुई बहस धीरे-धीरे बढ़ती चली गई। पुलिस के अनुसार, रात करीब 3 बजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
मुक्कों से किया हमला, सुबह पुलिस को किया फोन
आरोप है कि गुस्से में शुभम ने कोमल को कई बार मुक्के मारे और बेरहमी से पीटा। इस हमले में गंभीर चोटें आने के कारण कोमल की मौत हो गई। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, सुबह करीब 6:30 बजे आरोपी ने खुद पुलिस को फोन किया और एंबुलेंस भेजने की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया।
शुरुआती जांच में सामने आया कि कोमल की हत्या में शुभम की भूमिका थी। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। हिंजवाड़ी पुलिस स्टेशन के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर बालाजी पांडेरे के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। पुलिस दोनों के बीच विवाद की वजह और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
