शहर

NHAI की अनोखी पहल, जानें खंभे के ऊपर क्यों टांग दी एक्सीडेंट हुई, टूटी-फूटी कार

NH-48 पर सड़क हादसों को रोकने के लिए NHAI और साबरकांठा पुलिस ने एक अनोखी पहल की है। गुजरात में रसूलपुर के दुर्घटनाग्रस्त क्षेत्र में क्षतिग्रस्त कार प्रदर्शित कर वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग के लिए जागरुक करने के लिए NHAI ने यह अनोखी पहल की है।

Image

सड़क सुरक्षा अवेयरनेस के लिए NHAI की अनोखी पहल

देश के तमाम शहरों और राज्यों को जोड़ने के लिए NHAI ही विश्वस्तरीय सड़कें बनाता है। NHAI की जिम्मेदारी सिर्फ सड़क बनाना ही नहीं, बल्कि उसका रखरखाव भी होता है। इसके अलावा सड़क सुरक्षा पर भी NHAI का विशेष ध्यान होता है। यही कारण है कि NHAI की तरफ से सड़क सुरक्षा को लेकर समय-समय पर खास पहल भी की जाती है। ऐसी ही एक पहल गुजरात में National Highway 48 (NH-48) पर देखने को मिली। लेकिन NHAI की यह पहल इतनी अनोखी है कि जिसकी भी इस पर नजर पड़ती है, वह कुछ पहल के लिए ठिठक जरूर जाता है।

सड़क हादसों को कम करने और वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति जागरुक करने के लिए NHAI और साबरकांठा जिला पुलिस ने यह अनोखी पहल शुरू की है। हादसों की गंभीरता का प्रत्यक्ष एहसास कराने के लिए दुर्घटना में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई एक कार को यहां दुर्घटना संभावित क्षेत्र में प्रदर्शित किया गया है। यह पहल साबरकांठा के रसूलपुर के पास हिम्मतनगर-प्रांतिज सेक्शन में शुरू की गई है।

प्रभावी संदेश देने के लिए उठाया गया ये कदम

NHAI और साबरकांठा पुलिस के ट्रैफिक विभाग की इस संयुक्त पहल का मकसद वाहन चालकों को तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने के गंभीर परिणामों के प्रति सचेत करना है। अधिकारियों का मानना है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को देखकर वाहन चालकों पर प्रत्यक्ष और प्रभावी संदेश जाएगा, जिससे वे सड़क पर ज्यादा सावधानी बरतेंगे।

दुर्घटनाग्रस्त कार बनी संदेश देने का माध्यम

यहां रसूलपुर के पास ऊंचे घंबे पर रखी गई क्षतिग्रस्त कार को एक तरह के सड़क सुरक्षा संदेश के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। NHAI के अनुसार, इसका उद्देश्य वाहन चालकों को यह याद दिलाना है कि तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के गंभीर परिणाम हो सकते हैं। पहल के जरिए हाईवे पर चलने वाले लोगों में जिम्मेदार और सुरक्षित ड्राइविंग व्यवहार विकसित करने की कोशिश की जा रही है।

NH-48 पर भारी यातायात

चिलोडा से शामलाजी के बीच NH-48 का हिस्से में भारी यातायात रहता है। ऐसे व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए NHAI और स्थानीय पुलिस के बीच लगातार समन्वय जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए सड़क सुरक्षा जागरुकता के साथ अन्य सुरक्षा उपायों पर भी जोर दिया जा रहा है।

जागरुकता भी हादसों को रोकने अहम

NHAI ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, हमेशा सीट बेल्ट लगाने, दूसरे वाहनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है। NHAI के मुताबिक सड़क सुरक्षा सिर्फ सड़क और इंजीनियरिंग से जुड़े उपायों तक सीमित नहीं है, बल्कि सुरक्षित ड्राइविंग व्यवहार और जागरुकता भी हादसों को रोकने में अहम भूमिका निभाती है।

यह पहल ऐसे समय में महत्वपूर्ण है जब राष्ट्रीय राजमार्गों पर तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख जोखिमों में शामिल हैं। क्षतिग्रस्त वाहन को दुर्घटना संभावित स्थान पर प्रदर्शित करने का उद्देश्य वाहन चालकों को सड़क पर जिम्मेदारी और सावधानी के साथ सफर करने का सीधा संदेश देना है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article