शहर

बिजनौर बाईपास का काम अंतिम चरण में, NH-34 के पैकेज 2 पर काम 70 फीसद तक पूरा

नेशनल हाईवे 34 के पैकेज-2 (बिजनौर-बेहसोमा) का निर्माण कार्य 70 फीसद तक पूरा हो चुका है। बिजनौर बाईपास तो लगभग तैयार है। हालांकि, गंगा नदी पर नए पुल का काफी काम अभी बचा है।

Image

बिजनौर बाईपास का काम लगभग पूरा (फोटो साभार - (DetoxTravellerr) / X)

नेशनल हाईवे 34 (NH-34) के चौड़ीकरण परियोजना के अंतर्गत पैकेज-2 (बिजनौर से बेहसोमा) के निर्माण कार्य में काफी प्रोग्रेस देखने को मिल रही है। ताजा अपडेट के अनुसार, 39.56 किलोमीटर लंबे इस सेक्शन का लगभग 70 फीसद काम पूरा हो चुका है। इस तरह से बिजनौर बाईपास अब पूरी तरह आकार ले रहा है, जिससे शहर को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

डेडलाइन और वर्तमान स्थिति

ज्ञात हो कि इस परियोजना का निर्माण कार्य 20 मई 2024 को शुरू हुआ था। अनुबंध के मुताबिक इसकी शुरुआती डेडलाइन 19 मई 2026 थी, जिसे अब बढ़ाकर 31 दिसंबर 2026 कर दिया गया है। गावर कंस्ट्रक्शन (Gaawar Construction) इस पैकेज का निर्माण कर रहा है। बिजनौर बाईपास से लेकर गंगा नदी क्रॉसिंग तक का हिस्सा इस पैकेज के तहत प्राथमिकता के आधार पर बनाया जा रहा है।

बिजनौर बाईपास : तैयार है नई सड़क

बिजनौर शहर से पहले दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) के पास से शुरू होकर मारुति सुजुकी एरीना शोरूम तक जाने वाला बिजनौर बाईपास बनकर लगभग पूरी तरह से तैयार हो चुका है। बाईपास के मुख्य कैरिजवे पर रोड मार्किंग का काम पूरा हो चुका है और कई फ्लाईओवर्स पर डेक-स्लैब बिछाई जा चुकी है। हालांकि, सर्विस रोड का कुछ काम अब भी बचा है।

गंगा नदी पर नए पुल का निर्माण

गंगा नदी पर पुल के काम ने पकड़ी रफ्तार

गंगा नदी पर पुल के काम ने पकड़ी रफ्तार

परियोजना का सबसे चुनौतीपूर्ण हिस्सा यहां गंगा नदी पर बन रहा नया पुल है। वर्तमान प्रगति के अनुसार, नदी के भीतर और किनारों पर अधिकांश पियर्स (Pillars) तैयार हो चुके हैं और गर्डर लॉन्चिंग का काम भी शुरू हो चुका है। पिछले साल के मुकाबले अब यहां पियर्स कैप और फाउंडेशन का काम काफी आगे बढ़ चुका है। जानकारों का मानना है कि इस पूरे पैकेज में सबसे ज्यादा समय गंगा पुल को पूरा करने में ही लगेगा।

ब्राउनफील्ड सेक्शन और आगे की योजना

बिजनौर बाईपास के बाद का हिस्सा ब्राउनफील्ड है, जहां मौजूदा हाईवे को ही अपग्रेड किया जा रहा है। यहां सड़कों के चौड़ीकरण (Widening) का काम लगभग पूरा हो चुका है। हालांकि, अभी कुछ हिस्सों पर काम बचा हुआ है। पैकेज-2 के अगले हिस्से में मीरापुर बाईपास और भैसोमा तक का निर्माण शामिल है। NH-34 का यह Expantion न सिर्फ दिल्ली और उत्तराखंड के बीच कनेक्टिविटी में सुधार लाएगा, बल्कि क्षेत्रीय व्यापार को भी नई गति देगा।

नोट - सभी तस्वीरें और जानकारी इंफ्रा व्लॉगर मोहित कुमार के सोशल मीडिया हैंडल x.com/DetoxTravellerr से साभार ली गई हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article