Nalanda News: नालंदा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, एक व्यक्ति ने दो मासूम बच्चों को दो दिनों तक सिक्कड़ से जकड़कर रखा और बंधक बनाकर मारा-पीटा तथा उनके साथ गलत काम किया। मामला तब उजागर हुआ जब एक स्थानीय व्यक्ति ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों को मुक्त कराकर इलाज के लिए मॉडल अस्पताल ले गई। अस्पताल में बच्चों ने बताया कि उन पर चोरी का आरोप लगाकर उन्हें कैद किया गया और भाई-बहन दोनों को लगातार मारपीट और शोषण का शिकार होना पड़ा। बालक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान साफ दिखाई दे रहे थे। पुलिस ने बताया कि उन्हें स्थानीय लोगों से खबर मिली थी कि दो मासूम भाई-बहन के साथ हिंसा की जा रही है, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई की गई
70,000 रुपये की चोरी
बिहार थाना क्षेत्र के एतवारी बाजार में एक दुकानदार के घर पर हुई घटना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आरोपी की पत्नी को हिरासत में लिया गया और दोनों बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पत्नी ने बताया कि बच्चों ने उनके दुकान से लगभग 70,000 रुपये की चोरी की थी। इसके बाद उसका पति शनिवार रात दोनों बच्चों को पकड़कर घर लाया और उनके साथ मारपीट की।
भांग के नशे में कर सकते हैं कुछ भी
पत्नी का कहना है कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि बच्चों को कमरे में बंद करने के बाद उनके साथ और क्या हुआ। उसने यह भी कहा कि उसका पति भांग के नशे में रहता है और नशे की हालत में कुछ भी कर सकता है। फिलहाल दोनों बच्चों को बिहार थाना ले जाया गया है, जहां पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि दोनों भाई-बहन सोह सराय इलाके के निवासी हैं।
