शहर

नीम करौली बाबा के भक्तों के लिए खुशखबरी, नैनीताल-कैंची धाम रोपवे का प्लान तैयार!

उत्तराखंड के नैनीताल से कैंची धाम तक रोपवे परियोजना की योजना तैयार की गई है। जिसके लिए प्रस्ताव को राज्य सरकार के पास भेजा गया है, जिसमें रूट, लागत और पर्यावरणीय असर की जानकारी दी गई है। नैनीताल से कैंची धाम की सड़क मार्ग से दूरी लगभग 17 किलोमीटर है। यहां खास मौकों पर भारी जाम लगता है। रोपवे बनने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों की यात्रा आसान होगी।

Image

सांकेतिक फोटो (PC - Canva)

Nainital Kainchi Dham Ropeway: उत्तराखंड के नैनीताल आने वाले पर्यटकों और बाबा नीम करौली के भक्तों के लिए अच्छी खबर है। बताया जा रहा है कि नैनीताल से कैंची धाम की यात्रा जल्द ही रोपवे से हो सकेगी। जिला पर्यटन विभाग ने इस योजना का प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भेजा है, जिसमें रूट, लागत, पर्यावरणीय प्रभाव और तकनीकी पहलू शामिल हैं। नैनीताल से कैंची धाम की सड़क मार्ग से दूरी लगभग 17 किलोमीटर है। पर्यटन सीजन या वार्षिक मेले के दौरान इस मार्ग पर भीड़ और जाम की समस्या और भी बढ़ जाती है। ऐसे में रोपवे परियोजना श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए यात्रा को आसान और सुविधाजनक बनाएगी।

भवाली और कैंची धाम को रोपवे से जोड़ने का प्रस्ताव

नैनीताल की जिलाधिकारी वंदना सिंह ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा, "नैनीताल से काठगोदाम तक रोपवे परियोजना पर पहले से ही विचार चल रहा है, इसकी डीपीआर तैयार है और यूटीडीबी के माध्यम से आगे की प्रक्रिया चल रही है। भवाली और कैंची धाम को रोपवे से जोड़ने के लिए एक और प्रस्ताव भेजा गया है। इसके पीछे का उद्देश्य यही है कि यहां जाने वाले श्रद्धालु या भक्त डेली विजिटर्स हैं और वह वहां रूकने के इरादे से नहीं जाते हैं, जिस वजह से इस रूट पर जाम की समस्या भी बढ़ जाती है।"

रोपवे से जोड़ने के लिए परीक्षण करने का सुझाव

डीएम ने कहा, "हमने सरकार को रोपवे का प्रस्ताव भेजा है, जिसमें नैनीताल से भवाली और कैंची धाम को रोपवे से जोड़ने के लिए परीक्षण करने का सुझाव दिया गया है।" होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "पहाड़ी क्षेत्रों के लिए रोपवे समय की मांग है। सड़क पर जाम की समस्या के कारण सब कुछ ठप हो जाता है और इस तरह के हालात हमें कैंची धाम में भी दिखाई देते हैं। मुझे लगता है कि रोपवे के शुरू होने से जाम की समस्या से छुटकारा मिल पाएगा।"

लंबे समय से मांग कर रहे थे लोग

बता दें कि नैनीताल होटल एसोसिएशन और स्थानीय पर्यटन कारोबारियों की ओर से इस योजना की लंबे समय से मांग की जा रही थी। परियोजना के तहत नैनीताल के स्नो व्यू क्षेत्र से कैंची धाम तक सीधा रोपवे प्रस्तावित है, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को काफी फायदा मिलेगा।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!