शहर

Ganpati Special Train: गणेश उत्सव के दौरान कोंकण के लिए 350 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा रेलवे

Ganpati Special Train Mumbai News: कुछ ही दिन में गणेश उत्सव की धूम होगी। इस अवसर पर कोंकण जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे 350 स्पेशल ट्रेनें चला रही है। जरूरत पड़ने पर इनकी संख्या बढ़ाकर 370 तक भी की जा सकती है।

Image

गणपति उत्सव पर कोंकण के लिए चलेंगी 350 स्पेशल ट्रेनें

Ganpati Special Train Mumbai News: महाराष्ट्र में गणेश उत्सव की तैयारियों के बीच कोंकण जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने खास इंतजाम किए हैं। गणपति उत्सव के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए इस साल 350 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। रेलवे के मुताबिक जरूरत पड़ने पर इनकी संख्या बढ़ाकर 370 तक भी की जा सकती है।

गणेश उत्सव के दौरान मुंबई और महाराष्ट्र के दूसरे शहरों से बड़ी संख्या में लोग अपने पैतृक गांवों की तरफ जाते हैं। इनमें खास तौर पर कोंकण क्षेत्र जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी ज्यादा होती है। अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन इसी त्योहारी भीड़ को संभालने के लिए किया जा रहा है।

11 सितंबर से चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

रेलवे के मुताबिक गणेश उत्सव के मद्देनजर अतिरिक्त ट्रेन सेवाएं शुक्रवार 11 सितंबर 2026 से शुरू की जा रही हैं। केंद्रीय रेलवे, कोंकण रेलवे और पश्चिम रेलवे के जरिए इन सेवाओं का संचालन किया जाएगा। रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला के अनुसार, अब तक 1.5 लाख से ज्यादा यात्री अपनी टिकट बुक कर चुके हैं।

14 सितंबर को गणेश चतुर्थी

ज्ञात हो कि इस साल गणेश चतुर्थी (Ganesh Chaturthi) 14 सितंबर को मनाई जाएगी। ऐसे में त्योहार से पहले मुंबई और आसपास के क्षेत्रों से कोंकण जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।

कोंकण के कई स्टेशनों को मिलेगी कनेक्टिविटी

इन स्पेशल ट्रेनों से कोंकण क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों तक पहुंचना आसान होगा। रेलवे ने मुंबई और कोंकण के बीच नई नियमित ट्रेन सेवा भी शुरू की है। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल (CSMT)-सावंतवाड़ी रोड एक्सप्रेस मुंबई से कोंकण के कई प्रमुख शहरों को जोड़ेगी, जिसकी सेवाएं शुरू हो चुकी हैं।

इस ट्रेन का संचालन ट्रेन नंबर 15087 और 15088 के रूप में किया जा रहा है। दादर, ठाणे, पनवेल, रोहा, माणगांव, चिपलूण, रत्नागिरी, कंकावली, सिंधुदुर्ग, कुडाल और सावंतवाड़ी रोड इस ट्रेन के प्रमुख स्टेशन हैं, जहां से आप ट्रेन में चढ़ और उतर सकते हैं।

रात में आराम से सफर करेंगे यात्री

नई सेवा के तहत CSMT से ट्रेन रात 11:55 बजे रवाना होने के बाद अगले दिन दोपहर 2:15 बजे सावंतवाड़ी रोड पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन सावंतवाड़ी रोड से शाम 5:20 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 6:40 बजे CSMT पहुंचेगी। रेलवे के मुताबिक, इससे यात्रियों को रात में सफर करने की सुविधा मिलेगी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article