शहर

Rajasthan Nikay Chunav 2026: कल होना है राजस्थान निकाय चुनाव के लिए मतदान, उससे पहले ही जीत गए 77 उम्मीदवार, 46 BJP के हिस्से

Rajasthan Nikay Chunav 2026: राजस्थान निकाय चुनाव के लिए बुधवार को मतदान होगा, उससे पहले ही बीजेपी ने 46 सीटों पर जीत हासिल कर ली है।

Image

राजस्थान निकाय चुनाव के लिए प्रचार करते हुए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और राजस्थान के मंत्री संजय शर्मा (फोटो- PTI)

Rajasthan Nikay Chunav 2026: राजस्थान में निकाय चुनाव 2026 के लिए बुधवार को वोटिंग होगी। कल की वोटिंग से पहले ही 77 सीटों पर उम्मीदवारों ने जीत हासिल कर ली है। इन 77 सीटों पर इन उम्मीदवारों को कोई चुनौती नहीं मिली, इसलिए ये इन्हें निर्विरोध विजेता घोषित कर दिया गया है। चुनाव अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इन 77 प्रत्याशियों में से 37 महिलाएं हैं।

सबसे ज्यादा सीटों पर जीती बीजेपी

निर्विरोध चुने गए प्रत्याशियों के आंकड़ों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने एकतरफा बढ़त बनाई है। भाजपा के खाते में कुल 44 सीटें आई हैं, जो कुल निर्विरोध सीटों का लगभग 56.4 प्रतिशत है। वहीं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को 16 सीटों पर सफलता मिली है, जो करीब 20.5 प्रतिशत है। इसके अलावा 17 निर्दलीय प्रत्याशी भी बिना किसी मुकाबले के चुनाव जीतने में सफल रहे हैं, जिनका कुल हिस्सा 23.1 प्रतिशत बैठता है।

कांग्रेस की 22 वर्षीय सोफिया सबसे युवा विजेता

इस चरण में निर्विरोध चुने गए उम्मीदवारों में सबसे कम उम्र के विजेताओं की सूची में युवा महिलाएं सबसे आगे रही हैं। सीकर जिले की रामगढ़ शेखावाटी नगर पालिका से कांग्रेस की 22 वर्षीय सोफिया सबसे युवा विजेता बनी हैं। नागौर जिले की बसानी नगर पालिका से कांग्रेस की ही 23 वर्षीय मोना बानो दूसरी सबसे कम उम्र की विजेता रही हैं, जबकि डीग जिले की पहाड़ी नगर पालिका से भाजपा की 24 वर्षीय पिंकी कुमारी ने निर्विरोध जीत दर्ज की है।

डीग में सबसे ज्यादा निर्विरोध जीत

जिलावार प्रदर्शन पर नजर डालें तो डीग जिले में सर्वाधिक 10 प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए, जिनमें 7 निर्दलीय शामिल हैं। चित्तौड़गढ़ में भाजपा ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए सभी 6 सीटों पर निर्विरोध जीत दर्ज की। सीकर में 5 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। वहीं अलवर, झुंझुनूं, जोधपुर और खैरथल-तिजारा में 4-4 प्रत्याशी तथा भरतपुर, बीकानेर, जयपुर ग्रामीण, धौलपुर और जालोर में 3-3 प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए। कांग्रेस के 16 निर्विरोध प्रत्याशी बूंदी, दौसा, धौलपुर, श्रीगंगानगर, जैसलमेर, झालावाड़, झुंझुनूं और कोटा जैसे क्षेत्रों से जीत दर्ज करने में सफल रहे।

हालांकि, राजधानी जयपुर में यह ट्रेंड देखने को नहीं मिला। जयपुर नगर निगम के सभी 150 वार्डों में से किसी भी सीट पर उम्मीदवार निर्विरोध नहीं चुना गया, जहां अब चुनावी मुकाबला देखने को मिलेगा। नगरीय निकायों की शेष 232 सीटों के लिए 9 सितंबर और 11 सितंबर को दो चरणों में मतदान आयोजित किया जाएगा।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article