शहर

नागपुर में 7000 मेडिकल स्टोर बंद, ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ सड़क पर उतरे केमिस्ट

Nagpur Chemist Protest: ऑनलाइन दवाओं की बिक्री के विरोध में नागपुर में करीब 7 हजार मेडिकल स्टोर बंद रहे। केमिस्ट संगठनों ने संविधान चौक पर प्रदर्शन कर नकली और प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर चिंता जताई।

Nagpur Chemist Protest: देशभर में ऑनलाइन दवाओं की बिक्री के विरोध में केमिस्ट संगठनों ने हड़ताल की, जिसका असर महाराष्ट्र के नागपुर में भी देखने को मिला। शहर में करीब 7 हजार मेडिकल स्टोर एक दिन के लिए बंद रहे। इसके चलते दवा खरीदने पहुंचे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। नागपुर (Nagpur Chemist Strike) के संविधान चौक पर बड़ी संख्या में दवा विक्रेताओं और मेडिकल स्टोर संचालकों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सरकार और ऑनलाइन दवा कंपनियों के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। केमिस्ट संगठनों का कहना है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिना उचित जांच के दवाइयां बेची जा रही हैं, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ रहा है।

गलत इस्तेमाल और अवैध कारोबार को मिल रहा बढ़ावा

दवा विक्रेताओं ने आरोप लगाया कि इंटरनेट के जरिए नकली, प्रतिबंधित और बिना डॉक्टर की सलाह वाली दवाओं की बिक्री तेजी से बढ़ रही है। उनका कहना है कि गर्भनिरोधक दवाओं समेत कई संवेदनशील दवाएं भी खुले तौर पर ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे गलत इस्तेमाल और अवैध कारोबार को बढ़ावा मिल रहा है। प्रदर्शन कर रहे संगठनों का कहना है कि मेडिकल स्टोर चलाने के लिए सरकार की ओर से कई नियम बनाए गए हैं, लेकिन ऑनलाइन कंपनियां इन नियमों का सही तरीके से पालन नहीं कर रही हैं। इससे पारंपरिक मेडिकल दुकानों का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।

नागपुर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने दी चेतावनी

नागपुर केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने जल्द इस मामले में सख्त कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो भविष्य में अनिश्चितकालीन हड़ताल भी की जा सकती है। इस हड़ताल का असर आम लोगों पर भी पड़ा। कई लोग जरूरी दवाएं खरीदने के लिए मेडिकल स्टोर पहुंचे, लेकिन दुकानें बंद मिलने से उन्हें निराश लौटना पड़ा। हालांकि, कुछ अस्पतालों के आसपास जरूरी सेवाओं के लिए सीमित मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध रहीं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article