केंद्रीय मंत्री संजीव बालयान (Sanjeev Balyan) को केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने एक बार फिर मुजफ्फरनगर से अपना उम्मीदवार बनाया। संजीव बालयान 2014 और 2019 में भी यहां से चुनाव जीत चुके हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि 4 जून 2024 को वह मुजफ्फरनगर में हैट्रिक लगाएंगे। लेकिन उन्हें सीधी टक्कर मिल रही है विपक्षी गठबंधन INDIA की ओर से समाजवादी (SP) प्रत्याशी हरेंद्र मलिक से। उधर मायावती की पार्टी बहुजन समाज पार्टी (BSP) उम्मीदवार दारा सिंह प्रजापति इन दोनों की राह मुश्किल बना रहे हैं।
ऐसा रहा बालयान का प्रचार अभियान
पश्चिमी उत्तर प्रदेश की मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट (Muzaffarnagar Loksabha Constituency) के लिए पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान हुआ था। यह सीट उन सीटों में से है, जिसको मतदान के नतीजों के लिए सबसे ज्यादा इंतजार करना पड़ा है। राजपूतों की नाराजगी की खबरों के बीच मुजफ्फरनगर में मतदान हुआ था। अगर राजपूतों की नाराजगी की खबर सही है तो इसका सबसे ज्यादा असर भाजपा उम्मीदवार और मौजूदा सांसद संजीव बालयान पर ही पड़ेगा। बालिया ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान जिले के सोरम गांव में सर्व खाप पंचायत भी की थी। इस सर्व खाप पंचायत में क्या घोड़े, क्या बैंड, जीप, कारें शामिल हुईं। इसके अलावा गाने, डांस और ग्रामीणों व पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्टेज को फूलों से पाट दिया था। यहां आने वाले मेहमानों और मीडियाकर्मियों के लिए चाय-पानी की भी व्यवस्था की गई थी।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, RLD विधायक राजपाल बालयान, योगी सरकार में मंत्री अनिल कुमार और दो पूर्व विधायक उमेश मलिक व योगराज सिंह यहां आने वाले मेहमानों और वक्ताओं में शामिल थे।
