शहर

West Bengal: मुर्शिदाबाद में SIR को लेकर बवाल, 40 से अधिक BLO ने एक साथ दे दिया इस्तीफा, ERO कार्यालय में तोड़फोड़

पश्चिम बंगाल में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर असंतोष गहराता जा रहा है। मुर्शिदाबाद जिले के फर्राका ब्लॉक में 40 से अधिक बूथ लेवल ऑफिसरों (BLO) ने सामूहिक इस्तीफा देकर विरोध जताया, जिसके बाद गुस्साए कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने ERO कार्यालय में तोड़फोड़ की।

Image

ERO कार्यालय में मौजूद BLO

Photo : Times Now Digital

Murshidabad News: पश्चिम बंगाल में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर बढ़ते असंतोष के बीच बुधवार को मुर्शिदाबाद जिले के फर्राका ब्लॉक में हालात तनावपूर्ण हो गए। SIR से जुड़ी दिक्कतों और दबाव के विरोध में फर्राका ब्लॉक के 40 से अधिक बूथ लेवल ऑफिसरों (BLO) ने सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद गुस्साए कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने ERO (इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर) कार्यालय में तोड़फोड़ की, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया।

मौके पर TMC विधायक पहुंचे

फर्राका में 40 से अधिक BLO ने घर-परिवार और कामकाज के बीच बिगड़ते हालात का हवाला देते हुए सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय तृणमूल कांग्रेस विधायक मनीरुल इस्लाम मौके पर पहुंचे। उनके सामने ही ERO कार्यालय में तोड़फोड़ हुई। बाद में विधायक ने हस्तक्षेप कर हालात को काबू में करने की कोशिश की, जिसके बाद स्थिति कुछ हद तक सामान्य हुई। हालांकि, इस घटना ने SIR को लेकर जमीनी स्तर पर काम कर रहे कर्मचारियों के असंतोष को उजागर कर दिया है।

पिछले दिनों एक BLO ने की थी आत्महत्या

बीते दिनों मुर्शिदाबाद जिले के भगवानगोला ब्लॉक के एक BLO, हमीमुल इस्लाम ने आत्महत्या कर ली थी। 10 जनवरी को उनका शव एक स्कूल परिसर से बरामद किया गया था। शुरुआत में तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेताओं ने इस मौत को SIR से जुड़े कथित दबाव से जोड़ते हुए राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन भी किया था। हालांकि पुलिस जांच में मामला अलग दिशा में जाता दिखा। पुलिस ने इस मामले में तृणमूल कांग्रेस के एक कार्यकर्ता बुलेट खान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, खान ने BLO हमीमुल इस्लाम से करीब 20 लाख रुपये उधार लिए थे और पैसे लौटाने से इनकार कर दिया था।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article