शहर

Mumbai News: सी-लिंक पर जिंदगी और मौत के बीच खड़ा था युवक, टोल स्टाफ और पुलिस की सूझबूझ से आखिरी पल में बची जान

मुंबई के मशहूर सी-लिंक पर शनिवार रात उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक युवक ने समुद्र में छलांग लगाने की कोशिश की। टोल प्लाजा कर्मचारियों और पुलिस की सतर्कता से युवक को कूदने से ठीक पहले सुरक्षित बचा लिया गया। समय रहते हुई इस कार्रवाई ने एक संभावित हादसे को टाल दिया, जिसके बाद युवक को काउंसलिंग के लिए कोस्टल पुलिस को सौंप दिया गया।

Image

मुंबई सी-लिंक पर देर रात मचा हड़कंप

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Mumbai News: मुंबई के मशहूर सी-लिंक पर शनिवार देर रात टोल प्लाजा कर्मचारियों और पुलिस की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। समुद्र में छलांग लगाने की कोशिश कर रहे 28 वर्षीय युवक को मौके पर मौजूद टीम ने समय रहते सुरक्षित बचा लिया। घटना के बाद युवक को आवश्यक कार्रवाई और काउंसलिंग के लिए कोस्टल पुलिस के हवाले कर दिया गया।

शनिवार रात करीब 10:30 बजे की घटना

अधिकारियों के मुताबिक, घटना शनिवार रात करीब 10:30 बजे की है। घनसोली निवासी रोहन गणेश भोसले एक उबर कैब से सी-लिंक पहुंचा था। बताया गया कि कुछ देर बाद उसने अचानक कैब रुकवाई और वाहन से बाहर निकल गया। इसके बाद वह सी-लिंक पर लगे लोहे के सुरक्षा गर्डर को पार कर समुद्र की ओर जाने लगा। उसकी गतिविधियों से वहां मौजूद कर्मचारियों को स्थिति असामान्य नजर आई और उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।

युवक को समझाने और उसे सुरक्षित स्थान पर लाने की कोशिश

खतरे की गंभीरता को समझते हुए टोल प्लाजा कर्मचारी सुमेध सावंत, सुरक्षा गार्ड संदीप तथा पुलिस सब-इंस्पेक्टर कदम और पेडनेकर बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचे। टीम ने युवक को समझाने और उसे सुरक्षित स्थान पर लाने की कोशिश शुरू की। जब युवक समुद्र में कूदने की स्थिति में पहुंच गया, तब पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और सुरक्षा घेरे से बाहर निकाल लिया।

कोस्टल पुलिस को सौंपा गया युवक

पूरी घटना सी-लिंक पर लगे कैमरों में भी रिकॉर्ड हो गई। समय पर हुई कार्रवाई के चलते युवक को किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई और संभावित अनहोनी टल गई। रेस्क्यू के बाद पुलिस ने युवक को अपनी निगरानी में लिया और आगे की आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के लिए कोस्टल पुलिस को सौंप दिया। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे संवेदनशील मामलों में समय पर सूचना मिलने और मौके पर मौजूद लोगों की सतर्कता बेहद महत्वपूर्ण होती है। इस घटना में टोल कर्मचारियों और पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया ने एक युवक की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article