Maharashtra News: महाराष्ट्र में जारी भारी बारिश के बीच प्रशासनिक और ठेकेदारों की घोर लापरवाही आम जनता के लिए काल साबित हो रही है। राज्य के पुणे और मुंबई शहरों से दो बेहद दर्दनाक हादसे सामने आए हैं, जहां सुरक्षा व्यवस्था के बिना खुले छोड़े गए गड्ढों और मैनहोल ने दो जिंदगियां लील लीं। इन घटनाओं को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है और पुलिस ने संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ आपराधिक मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। वहीं मुंब्रा में बारिश के पानी में उतरे करंट की चपेट में आने से एक युवती की मौत हो गई।
घर के सामने खेल रहे 2 वर्षीय सोहम की डूबने से मौत
पहली हृदयविदारक घटना पुणे के लोणी कालभोर थाना क्षेत्र की है। यहां सीवेज और वर्षा जल निकासी के काम के लिए ठेकेदार द्वारा चार बड़े गड्ढे खोदे गए थे। आरोप है कि ठेकेदार ने इन गड्ढों के आसपास बैरिकेडिंग या चेतावनी बोर्ड जैसी कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं की थी।
हालिया बारिश के कारण ये गड्ढे पानी से लबालब भर गए। इसी दौरान घर के सामने खेल रहा दो वर्षीय मासूम सोहम लखन कसबे अनजाने में पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिर गया, जिससे डूबने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सुरक्षा उपाय किए बिना काम को अधूरा छोड़ना ही इस हादसे की मुख्य वजह रहा। लोणी कालभोर पुलिस ने अज्ञात ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुंबई में खुला मैनहोल निगल गया शख्स
लापरवाही की दूसरी खौफनाक तस्वीर मुंबई के साकीनाका पुलिस थाना क्षेत्र से सामने आई, जहां खैरानी रोड पर ड्रेनेज की मरम्मत का काम चल रहा था। यादव नगर निवासी 55 वर्षीय असलम इसाक शेख सड़क से गुजरते समय बिना ढक्कन के खुले छोड़े गए मैनहोल के जरिए सीधे गहरे ड्रेनेज में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के एल-वार्ड अधिकारी की शिकायत पर साकीनाका पुलिस ने मरम्मत कार्य कर रहे ठेकेदार और संबंधित मजदूरों के खिलाफ लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया है।
मुंब्रा में जलजमाव से हालात बेकाबू
हादसों के साथ-साथ मूसलाधार बारिश ने ठाणे और मुंबई की रफ्तार पर भी ब्रेक लगा दिया है। ठाणे के मुंब्रा इलाके में भारी जलभराव के चलते शहर के हाईवे और मुख्य सड़कों पर पानी जमा हो गया है। स्थिति इतनी बिगड़ चुकी है कि हाईवे का एक हिस्सा पूरी तरह बंद करना पड़ा है, जिसके कारण पूरा ट्रैफिक चोक हो गया है। बता दें कि गुरुवार को ही मुंब्रा इलाके में 17 वर्षीय आलिया की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बारिश के पानी में बिजली का करंट उतर आया था, जिसकी चपेट में आने से यह घटना हुई। जानकारी के अनुसार, आलिया मुंब्रा के यास्मीन पार्क की बी-विंग में रहती थी। वह किसी काम से इमारत से बाहर निकली थी, तभी बारिश के पानी में फैले करंट की चपेट में आ गई।
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
फिलहाल मुंब्रा या उसके रास्ते सफर करने से बचने की सलाह दी जा रही है। जाम की स्थिति ऐसी है कि आने-जाने में पूरा दिन बर्बाद हो सकता है और गंतव्य तक कब पहुंचेंगे, यह कहना बेहद मुश्किल है। मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई और आसपास के इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी रखा है, पालघर में रेड अलर्ट है। शहर में हवाओं के साथ रुक-रुक कर तेज बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव का खतरा और बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
