शहर

बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में जांच के बाद मुंबई पुलिस का बड़ा एक्शन, बॉडीगार्ड कॉन्स्टेबल नौकरी से बर्खास्त

Baba Siddique Murder Case: बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में मुंबई पुलिस ने बॉडीगार्ड कॉन्स्टेबल श्याम सोनावणे को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। विभागीय जांच में उन्हें दोषी पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।

Image

बाबा सिद्दीकी मर्डर केस में पुलिस का सख्त कदम

Photo : PTI

Baba Siddique Murder Case: बाबा सिद्दीकी हत्याकांड (Baba Siddique murder case update) से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। मुंबई पुलिस ने इस मामले में ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में बाबा सिद्दीकी के बॉडीगार्ड कॉन्स्टेबल श्याम सोनावणे को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। विभागीय जांच में उन्हें अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभाने का दोषी पाया गया, जिसके बाद यह सख्त कार्रवाई की गई। बाबा सिद्दीकी की हत्या 12 अक्टूबर 2024 की रात मुंबई के बांद्रा इलाके में हुई थी। उस समय वह अपने बेटे और विधायक जीशान सिद्दीकी (Zeeshan Siddique) के कार्यालय के बाहर मौजूद थे।

घटना के समय कॉन्स्टेबल श्याम सोनावणे सुरक्षा ड्यूटी पर थे तैनात

इसी दौरान तीन हमलावर वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से बाबा सिद्दीकी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। इस घटना के बाद पूरे महाराष्ट्र में हड़कंप मच गया था। घटना के समय कॉन्स्टेबल श्याम सोनावणे (Shyam Sonawane dismissed) उनकी सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे। वह मुंबई पुलिस की प्रोटेक्शन एंड सिक्योरिटी ब्रांच में कार्यरत थे। हत्या के बाद पुलिस विभाग ने उनकी भूमिका की जांच शुरू की थी। शुरुआती जांच में सुरक्षा व्यवस्था में कई खामियां सामने आईं, जिसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया था।

कारण बताओ नोटिस जारी

विभागीय जांच के दौरान यह पाया गया कि कॉन्स्टेबल सोनावणे ने अपनी ड्यूटी में लापरवाही बरती। जांच रिपोर्ट के आधार पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। नोटिस में उनसे पूछा गया था कि आखिर क्यों न उन्हें पुलिस सेवा से हटा दिया जाए। जवाब और जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस विभाग ने उन्हें बर्खास्त करने का फैसला लिया। बताया गया है कि बर्खास्तगी का पत्र उन्हें जारी कर दिया गया था, जिसे उन्होंने 2 मई को स्वीकार भी कर लिया। इसके साथ ही उन्हें आधिकारिक रूप से पुलिस सेवा से हटा दिया गया। इस कार्रवाई को मुंबई पुलिस की सख्त अनुशासनात्मक प्रक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं, बाबा सिद्दीकी हत्याकांड की जांच अभी भी जारी है और पुलिस इस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article