मुंबई

Mumbai: मराठा आंदोलन के दौरान युवक को हार्ट अटैक, चंद सेकेंड में गई जान

Mumbai: मुंबई में मराठा आंदोलन के दौरान एक युवक को हार्ट अटैक आया, जिसके बाद आंदोलन में शामिल अन्य प्रदर्शनकारियों उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक की मौत हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया।

Image

मराठा आंदोलन के दौरान युवक को हार्ट अटैक (फोटो -Canva)

Mumbai: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के आजाद मैदान में मराठा आंदोलन के दौरान एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी, जिसमें एक युवक की हार्ट अटैक आने से मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि युवक को अचानक दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद वह नीचे गिर गए। उन्हें गिरता हुआ देख अन्य प्रदर्शनकारियों ने उन्हें तुरंत जे.जे. अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित किया।

युवक की पहचान विजय घोगरे के रूप में हुई है। वह टकलगांव, ताल. अहमदपुर, जिला लातूर के रहने वाले थे और मराठा आरक्षण आंदोलन में शामिल थे। आंदोलन के दौरान अचानक हार्ट अटैक आने से उनकी मौत हो गई। विजय घोगरे तकरीबन 40 लोगों के एक ग्रुप के साथ दो टेंपो से मुंबई पहुंचे थे, ताकि आरक्षण के समर्थन में हो रहे प्रदर्शन में भाग ले सकें। प्रदर्शन के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी। उन्हें तत्काल जी.टी. अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

आंदोलन के दौरान बिगड़ी कई प्रदर्शनकारियों की तबीयत

मुंबई पुलिस ने पुष्टि की कि विजय का शव पोस्टमार्टम के लिए जेजे अस्पताल भेजा गया है। विजय घोगरे की उम्र की जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। इस बीच, आंदोलन में भाग लेने आए कई अन्य प्रदर्शनकारियों की भी तबीयत बिगड़ने की खबर है। पिछले दो दिनों में जी.टी. अस्पताल और सेंट जॉर्ज अस्पताल में लगभग 100 प्रदर्शनकारियों ने इलाज करवाया है। अधिकतर मामलों में लोगों को बदन दर्द, सिर दर्द, हाथ-पैरों में दर्द और सर्दी-जुकाम जैसी सामान्य समस्याएं हुई हैं।

एक दिन और बढ़ी प्रदर्शन की अवधि

आजाद मैदान में मराठा समाज की भारी भीड़ उमड़ी है, जो आरक्षण की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद कर रही है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग इस दौरान सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने में जुटे हुए हैं। इस पूरे आंदोलन का नेतृत्व मराठा नेता मनोज जरांगे कर रहे हैं। मराठा आंदोलन रविवार को तीसरे दिन में प्रवेश कर चुका है। मनोज जरांगे ने शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन की शुरुआत की। वे ओबीसी कोटे से मराठा समुदाय को आरक्षण देने की मांग पर अड़े हैं। अपने विरोध प्रदर्शन को आगे बढ़ाते हुए मनोज जरांगे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मनोज जरांजे को रविवार तक विरोध प्रदर्शन जारी रखने की अनुमति मिली है। पुलिस को मनोज जरांगे-पाटिल का एक आवेदन मिला था। इसके अनुसार अनुमति को रविवार तक के लिए एक और दिन के लिए बढ़ा दिया गया है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article