मुंबई

Mumbai Weather: भीषण गर्मी से मिली राहत, आईएमडी ने मुंबई में जारी किया भारी बारिश का अलर्ट

Mumbai Weather: मौसम विभाग (IMD) की रिपोर्ट के अनुसार मुंबई में पूरे सप्ताह बारिश होने की जानकारी दी गई है। इस बीच विभाग ने 9 से 11 जून तक मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी (Heavy Rain Warning) जारी की है।

Image

मुबई में भारी बारिश

Photo : iStock

Mumbai Weather: मुंबई के कई क्षेत्रों में गुरुवार को बारिश हुई। भीषण गर्मी का प्रकोप झेल रहे मुंबई के लोगों को लू और गर्मी से राहत मिली है। लेकिन इस दौरान कई इलाकों में जलभराव की समस्या भी सामने आई। सड़कों पर बारिश के कारण गड्ढे हो गए हैं, जिनमें पानी भरा हुआ है। इससे वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। वहीं मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पूरे सप्ताह मुंबई में बारिश होगी। इस बीच जलभराव लोगों के लिए और बड़ी समस्या पैदा कर सकता है। मौसम विभाग ने 9 से 11 जून तक शहर में भारी बारिश की चेतावनी दी है। मुंबई के साथ ठाणे में भी इस दौरान भारी बारिश की जानकारी दी गई है।

मुंबई में होगी भारी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, महाराष्ट्र तट पर एक भंवर और एक कतरनी क्षेत्र (Shear Zone) के सक्रिय होने के कारण 9 से 11 जून तक मुंबई में भारी बारिश होगी। आईएमडी ने ये भी बताया कि इस दौरान मुंबई में 100 मिमी से अधिक बारिश होने की उम्मीद है। वहीं कई इलाकों में 150 मिमी बारिश होने की संभावना है। इतना ही नहीं, शहर में 50 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी।

मुंबई में मानसून

आमतौर पर मानसून मुंबई में 10 से 11 जून तक दस्तक देता है। लेकिन इस बार मौसम विभाग ने मानसून के तय समय से पहले पहुंचने की उम्मीद जताई थी। मौसम विभाग ने 6 जून तक मुंबई में मानसून आने की घोषणा की थी। बता दें कि बुधवार (5 जून)को मुंबई के कई इलाकों में प्री-मानसून बारिश दर्ज की गई। उसके बाद कल से ही शहर में बारिश का सिलसिला जारी है।

गर्मी से मिली राहत

बारिश होने से गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिली है। आने वाले दिनों में बारिश के चलते शहर का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 36 से ऊपर न जाने की संभावना जताई गई है। चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलने के बाद अब, पूरा सप्ताह मुंबई का मौसम सुहावना बना रहेगा

रत्नागिरी और सोलापुर में मानसून की दस्तक

महाराष्ट्र के रत्नागिरी और सोलापुर में मानसून ने दस्तक दे दी है। यहां मानसून की शुरुआत हो गई है। जल्द ही मानसून मुंबई पहुंचेगा। आईएमडी के महानिदेशक एम मोहपात्रा ने बताया कि मानसून मध्य भारत के कुछ हिस्सों तक पहुंच जाएगा, जिससे देश के आधे हिस्से कवर हो जाएंगे। उन्होंने ये भी बताया कि लोगों को बारिश होने से अब गर्मी का सामना नहीं करना पड़ेगा। वहीं स्काईमेट वेदर के जलवायु एवं मौसम विज्ञान के वाइस प्रेजिडेंट ने बताया कि मानसून की अभी तक की प्रगति सामान्य है। अगले तीन से चार दिनों में मानसून ठाणे और पुणे के साथ विभिन्न क्षेत्रों की ओर आगे बढ़ेगा।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article