मुंबई

मुंबई नेवल डॉक पर आतंकी हमले की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क; कॉल करने वाला शख्स हिरासत में

रविवार को मुंबई के नेवल डॉक पर आतंकी हमले की एक धमकी आई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। एक व्यक्ति ने पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल कर हमले की आशंका जताई, जिसके बाद इलाके में गहन जांच शुरू की गई।

Image

फाइल फोटो (चित्र साभार: Wikipedia)

Mumbai News: मुंबई में नेवल डॉक से जुड़े संभावित आतंकी हमले की धमकी मिलने के बाद रविवार को सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। बताया गया कि कंट्रोल रूम में एक व्यक्ति ने कॉल कर दावा किया कि नेवल डॉक पर आतंकी हमला होने वाला है। कॉल मिलते ही पुलिस ने प्रोटोकॉल के तहत सभी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया और आसपास के इलाकों में गहन जांच शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, जहांगीर शेख नाम के एक शख्स ने मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में कॉल किया। उसने बताया कि वह आंध्र प्रदेश से बात कर रहा है और उसे किसी दूसरे आदमी ने नेवल डॉक पर होने वाले आतंकवादी हमले के बारे में बताकर सतर्क रहने को कहा था। जैसे ही फोन आया, पुलिस ने बिना देर किए प्रोटोकॉल के हिसाब से जांच शुरू कर दी, लेकिन अब तक कोई भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति पुलिस को नहीं मिला है। सुरक्षा एजेंसियां फिर भी मामले को गंभीरता से ले रही हैं, खासकर दिल्ली के लाल किला ब्लास्ट के हालिया मामले को देखते हुए।

इसी बीच मुंबई पुलिस ने फोन करने वाले जहांगीर शेख को हिरासत में ले लिया है। शुरुआती पूछताछ में उसने बताया कि वह फोन करते समय शराब के नशे में था। संभव है कि उसने नशे में बिना सोचे-समझे इतनी बड़ी बात बोल दी हो, हालांकि पुलिस अभी जांच कर रही है ताकि पक्का हो सके कि यह सिर्फ नशे में की गई हरकत थी या इसके पीछे कोई बड़ी बात छिपी है।

दिल्ली के लाल किले के पास हुए ब्लास्ट के बाद मुंबई पुलिस इस मामले को बहुत गंभीरता से ले रही है। फिलहाल पुलिस मामले को लेकर आगे की जांच में जुटी हुई है। पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जहांगीर शेख नामक व्यक्ति ने किसके कहने पर कॉल किया था।

(इनपुट-आईएएनएस)

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article