मुंबई

'पापा की परी' हो या 'मां का निठल्ला', हर कोई रील बनाकर कर रहा हल्ला; वायरल वीडियो देख पुलिस ने हिरासत में लिया 'लल्ला'

ओम जाधव नाम के एक शख्स ने नई कार खरीदी और फिर हाईवे पर ड्रोन से वीडियो बनाने लगा। इसके कारण हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और IPC की धारा 341 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Image

सतारा में रील के चक्कर में लगाया जाम (फोटो - AI Image)

पापा की परी हो या मां का निठल्ला, आजकल हर कोई रील बनाकर कर अपने हुनर का हल्ला करने में जुटा है। लेकिन ये लोग रील बनाने के चक्कर में भूल जाते हैं कि उनके इस शौक की वजह से आम लोगों को दिक्कत होती है। जब आम लोग उनकी शिकायत करते हैं तो फिर पुलिस इनकी बहुत अच्छे से आवभगत करती है। ऐसा ही मामला महाराष्ट्र के सतारा से सामने आया है। चलिए जानते हैं।

दरअसल महाराष्ट्र के सतारा जिले में एक युवक ने नई गाड़ी खरीदने के उत्साह में अपने दोस्तों के साथ मिलकर हाईवे पर ड्रोन से वीडियो बनाया, जो उसे ही भारी पड़ गया। 10 जुलाई को, ओम प्रविण जाधव ने अपने चार दोस्तों के साथ मिलकर सातारा-बेंगलुरु हाईवे पर गाड़ियों को रोककर वीडियो शूट किया, जिससे भारी ट्रैफिक जाम लग गया।

इस दौरान सैकड़ों वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वीडियो वायरल होने के बाद, स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस में की, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने बताया कि जाधव और उसके साथियों ने इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर शेयर किया, जिससे यह तेजी से वायरल हो गया।

इस घटना के कारण हाईवे पर ट्रैफिक पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे यात्रियों में गुस्सा फैल गया। पुलिस ने आरोपियों की पहचान तकनीकी निगरानी और वायरल वीडियो के आधार पर किया। डीसीपी संजय पाटिल ने कहा कि यह घटना गंभीर ट्रैफिक उल्लंघन और जनता की सुरक्षा के लिए खतरा है।

आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 341 और मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नई गाड़ी खरीदने या किसी समारोह के दौरान हाईवे पर ट्रैफिक में बाधा डालने वाली गतिविधियों से बचें।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article