मुंबई

Raigad Accident: मुंबई-गोवा हाईवे पर निजी बस का टायर फटने के बाद लगी आग, चालक की सूझबूझ से बची 44 यात्रियों की जान

Raigad Accident: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में मुंबई-गोवा हाईवे पर एक निजी बस में टायर फटने के बाद आग लग गई। लेकिन बस चालक की समझदारी की वजह से यात्री सुरक्षित है। बस चालक को गड़बड़ी का एहसास होते ही उसने सभी यात्रियों को समय रहते उतार दिया, जिसके बाद देखते ही देखते पूरी बस में आग लग गई। बस चालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा होते-होते टला है।

Image

मुंबई-गोवा हाईवे पर निजी बस का टायर फटने के बाद लगी आग (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)

Raigad Accident:महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के मुंबई-गोवा राजमार्ग पर एक निजी लग्जरी बस में आग लग गई। इस हादसे में गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। बस में सवार 44 यात्री बाल-बाल बचे हैं। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना पोलादपुर इलाके में काशेडी सुरंग के पास शनिवार देर रात लगभग दो बजे हुई। बताया जा रहा है कि बस चालक की सूझबूझ से एक बड़ी दुर्घटना होने से बची और सभी यात्री समय रहते सुरक्षित बस से बाहर निकल गए।

बस चालक की सूझबूझ से बची यात्रियों की जान

पुलिस अधिकारी ने बताया कि बस 44 यात्रियों को लेकर मुंबई से सिंधुदुर्ग जिले के मालवण जा रही थी। अधिकारी ने आगे बताया कि काशेडी सुरंग से पहले एक टायर फट गया और बस में आग लग गई। टायर फटने के बाद बस चालक को गड़बड़ी का आभास हुआ और उसने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाई और यात्रियों को तत्काल बस से उतरने को कहा। उन्होंने आगे बताया कि जब तक यात्री बस से उतरते, आग बस के अन्य हिस्सों में फैल गई थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने राजमार्ग के दोनों ओर यातायात रोककर सुरक्षा घेरा बना दिया। अधिकारी ने बताया कि इसी बीच, बस के डीजल टैंक में विस्फोट हो गया, लेकिन तब तक सभी यात्री सुरक्षित स्थान पर पहुंच चुके थे। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि दमकलकर्मियों ने रात तीन बजे तक आग पर काबू पा लिया, और उसके बाद राजमार्ग पर दोनों ओर से यातायात फिर से शुरू कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि इस घटना के संबंध में पोलादपुर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article