मुंबई

कसाब को फांसी के फंदे तक पहुंचाने वाले उज्जवल निकम ने भारत के सुपर पावर बनने पर क्या कहा

साल 2008 के मुंबई आतंकी हमले में एकमात्र जिंदा पकड़े गए आतंकावादी अजमल आमिर कसाब को फांसी के फंदे तक पहुंचाने वाले उज्ज्वल निकम अब चुनावी मैदान में हैं। BJP ने उन्हें मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से अपना उम्मीदवार बनाया है। नॉमिनेशन से पहले उन्होंने भारत को सुपर पावर बनाने के संबंध में अपनी राय रखी।

Image

उज्ज्वल निकम

Photo : PTI

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मशहूर वकील उज्ज्वल निकम (Ujjawal Nikam) को भी अपना उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने उज्ज्वल निकम को महाराष्ट्र में मुंबई नॉर्थ सेंट्रल लोकसभा सीट (Mumbai North Central Constituency Candidate Ujjawal Nikam) से टिकट दी है। उज्ज्वल निकम ने आज यानी शुक्रवार 3 मई को मुंबई नॉर्थ सेंट्रल लोकसभा सीट के लिए अपना नामांकन (Nomination) फाइल किया। नॉमिनेशन फाइल करने से पहले उन्होंने देश के सुपर पावर बनने को लेकर बात कही।

उज्ज्वल निकम ने पब्लिक प्रॉसिक्यूटर रहते हुए साल 2008 मुंबई आतंकी हमले के एक मात्र जिंदा पकड़े गए आतंकवादी अजमल आमिर कसाब को फांसी के फंदे तक पहुंचाया था। मुंबई नॉर्थ सेंट्रल लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार उज्ज्वल निकम ने आज नॉमिनेशन फाइल करने से पहले मशहूर सिद्धिविनायक मंदिर में प्रार्थना की। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने बाहर मौजूद मीडियाकर्मियों से बातचीत की।

इस दौरान उन्होंने कहा, 'भारत महाशक्ति (Superpower) बनने जा रहा है। हमें सोचना चाहिए कि हम उसमें कैसे अपना योगदान दे सकते हैं? देश की सेवा करने के लिए किसी तरह के किसी पद की जरूरत नहीं है। एक आम नागरिक भी इसमें अपना योगदान दे सकता है। पब्लिक प्रॉसिक्यूटर होते हुए मैंने जनता के दिल में न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास जगाया, ऐसा ही मैं राजनीति में भी करूंगा।'

पब्लिक प्रॉसिक्यूटर के पद से इस्तीफा

लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन से पहले उज्ज्वल निकम ने आज ही स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर के तौर पर इस्तीफा दे दिया। एक सरकारी वकील के तौर पर वह जिन भी मामलों की पैरवी कर रहे थे, अब उनकी पैरवी नहीं कर पाएंगे।

कांग्रेस की चुनौती

उज्ज्वल निकम का मुकाबला कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन INDIA की प्रत्याशी वर्षा गायकवाड़ से होगा। वर्षा गायकवाड़ चार बार महाराष्ट्र विधानसभा के लिए चुनी जा चुकी हैं। वह दिसंबर 2019 से जून 2022 तक महाराष्ट्र सरकार में मंत्री भी रही हैं। मुंबई की धारावी विधानसभा क्षेत्र से चुनकर वर्षा विधानसभा पहुंचती रही हैं। उनके पिता एकनाथ गायकवाड़ तीन बार सांसद रहे हैं। वर्षा स्वयं मुंबई के सिद्धार्थ कॉलेज ऑफ आर्ट, साइंस एंड कॉमर्स में लेक्चरर भी रह चुकी हैं।

1993 बम धमाकों में सरकारी वकील

उज्ज्वल निकम एक मशहूर सरकारी वकील रहे हैं। उन्होंने 1993 मुंबई बम धमाकों के साथ ही गुल्शन कुमार हत्या कांड, प्रमोद महाजन हत्याकांड और 2008 के मुंबई धमाकों के मामले में भी सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने 2013 का मुंबई गैंग रेप, कोपार्डी रेप और हत्याकांड में भी उन्होंने पैरवी की थी।

पद्मश्री उज्ज्वल निकम

उज्ज्वल निकम को भारत सरकार ने साल 2016 में पद्म श्री पुरस्कार से नवाजा था। उन्हें Z+ श्रेणी की सुरक्षा दी गई। अब उज्ज्वल निकम चुनावी मैदान में कूदे हैं तो भाजपा ने पूनम महाजन की जगह मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया है।
Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article