मुंबई

सिर्फ 30 मिनट में पहुंच जाएंगे मुंबई से ठाणे, बन रही सिग्नल फ्री एलिवेटिड रोड

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुंबई से ठाणे आने-जाने वाले लोग जल्द ही सिर्फ आधे घंटे में यह सफर पूरा कर सकते हैं। इसके लिए MMRDA ने एलिवेटिड रोड बनाने का काम भी शुरू कर दिया है। करीब 13 किमी का यह रोड लिंक 6 लेन का होगा।

Image

मुंबई और पुणे के बीच की दूरी होगी कम

मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MMRDA ) ने मुंबई को ठाणे से जोड़ने के लिए एलिवेटिड रोड पर काम शुरू कर दिया है। घाटकोपर से ठाणे तक एक नया एलिवेटिड रोड बनाया जा रहा है। फ्री प्रेस जर्नल के अनुसार इस महत्वकांक्षी प्रोजेक्ट का मकसद एक सिग्नल फ्री रूट बनाना है, जिससे दोनों शहरों के बीच यात्रा में लगने वाला समय 30-35 मिनट रह जाएगा।

यह एलिवेटिड कॉरिडोर घाटकोपर में छेड़ा नगर से ठाणे के आनंद नगर तक बनेगा। यह नया एलिवेटिड हिस्सा मौजूदा ईस्टर्न फ्रीवे से जुड़ेगा। इस नए एलिवेटिड हिस्से के बन जाने के बाद दक्षिण मुंबई से ठाणे की ओर जाने वाले वाहनों को किसी भी ट्रैफिक सिग्नल पर रुकना नहीं पड़ेगा।

यह एलिवेटिड हिस्सा 12.955 किलोमीटर लंबा होगा। यह एलिवेटिड रोड कुल 6 लेन की होगी, जिसमें दोनों तरफ 3-3 लेन की सड़क होगी। इस प्रोजेक्ट की कुल लागत करीब 2682 करोड़ रुपये आएगी। इसका कॉन्ट्रैक्ट नवयुग इंजीनियरिंग को दिया गया है। यह एलिवेटिड हिस्सा 16.8 किमी लंबे ईस्टर्न फ्रीवे से जुड़ेगा, जो छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के पास पीडी मेलो रोड से छेड़ा नगर तक जाता है।

यह एलिवेटिड हिस्सा व्यस्त ईस्टर्न एक्सप्रेसवे हाईवे के ऊपर से गुजरेगा। इससे हर रोज भारी ट्रैफिक में फंसने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। खुदाई और पिलरों के साथ इस एलिवेटिड हिस्से पर काम पहले ही शुरू हो चुका है। रूट पर सुरक्षा के लिए बेरिकेड लगाए जा चुके हैं और कंस्ट्रक्शन का काम दिखने लगा है।

बता दें की MMRDA ने इस एलिवेटिड रोड के लिए जमीन अधिग्रहण का काम पूरा कर लिया है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article