Mumbai Crime News: बीते कुछ सालों में सोशल मीडिया के जरिए अपराध की घटनाएं बढ़ीं हैं। लोग अपने पोस्ट को लेकर छोटी-छोटी बातों पर जरूरत से ज्यादा गुस्सा हो जाते हैं और एक-दूसरे के जान के दुश्मन भी बन जाते हैं। हालांकि पुलिस इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए हर संभव कोशिश करती रहती है। अब एक बार फिर से महाराष्ट्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दो लोगों ने मिलकर साथ काम करने वाले एक शख्स को सोशल मीडिया पर किए गए एक कमेंट से इतने नाराज हो गयें कि व्यक्ति की हत्या कर दी।
घटना महाराष्ट्र के नासिक की है। मृतक की पहचान संतोष जायसवाल के तौर पर हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ का रहने वाला था। मामले की जांच कर रही पुलिस ने बताया है कि संतोष जायसवाल नासिक के सतपुर के गोरक्षनाथ रोड पर रहता था। वह 30 साल का था। संतोष जायसवाल सतपुरा के एक गैरेज में बतौर मैकेनिक काम करता था।
इस बात को लेकर हुई कहासुनी
पुलिस ने बताया है कि आरोपियों की पहचान मुन्ना और रामकृष्ण निषाद के तौर पर हुई है। यह दोनों सगे भाई हैं। मृतक संतोष जायसवाल दोनों भाइयों के गैरेज पर मैकेनिक का काम करता था। पुलिस के अनुसार हाल ही में आरोपी भाइयों ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया था। इस पोस्ट पर संतोष जायसवाल ने व्यंग्यात्मक कमेंट किया था। यह बात मुन्ना और रामकृष्ण निषाद को बिल्कुल पसंद नहीं आई। इसी बात से नाराज होकर मंगलवार रात दोनों भाइयों और संतोष जायसवाल के बीच कहासुनी हो गई।
पड़ोसियों ने मृतक को अस्पताल में भर्ती करवाया
देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया था। इस दौरान दोनों आरोपी भाइयों में से एक ने संतोष जायसवाल के सिर पर रॉड से जोरदार हमला कर दिया। वह वहीं बेहोश होकर गिर गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पड़ोसी तुरंत संतोष जायसवाल को नासिक के सरकारी अस्पताल ले गए और भर्ती कराया। हालांकि इलाज के दौरान बुधवार तड़के उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी भाइयों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर सतपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच करने में जुट गई है।
