Mumbai News: बीते कुछ वक्त में मुंबई-गोवा (एनएच-66) और रत्नागिरी-कोल्हापुर-सोलापुर (एनएच-166) राजमार्गों पर कई बड़े हादसे देखने को मिले हैं। बहुत बार यह हादसे छोटी से लापरवाही के चलते भी हुए हैं। हालांकि हादसों को रोकने के लिए प्रशासन की ओर से हर संभव कोशिश की जाती है, लेकिन अब इन हादसों को रोकने और राजमार्गों पर सुरक्षा मजबूत करने के लिए अब पुलिस ने भी कमर कस ली है। अब इन दोनों राजमार्गों पर पुलिस हर वक्त तैनात रहेगी। मुंबई-गोवा (एनएच-66) और रत्नागिरी-कोल्हापुर-सोलापुर (एनएच-166) राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए रत्नागिरी के पुलिस अधीक्षक धनंजय कुलकर्णी ने अगले सप्ताह अपने थानाध्यक्षों की बैठक बुलाई है।
पिछले गुरुवार को रायगढ़ के मनगांव तालुका के रेपोली गांव में हुए एक हादसे के मद्देनजर दो राजमार्गों पर लगभग 15 सड़क सुरक्षा संकेत लगाने का भी फैसला किया गया है। रत्नागिरी जिले में 18 पुलिस स्टेशन हैं। NH-66 215 किमी-लंबा खंड, रत्नागिरी जिले में है, जो आठ पुलिस स्टेशनों द्वारा कवर किया गया है।
