Mumbai News: मुंबई में कबूतरों को खाना खिलाने पर लगी रोक को लेकर बॉम्बे हाई कोर्ट ने फिलहाल इसे जारी रखा है। कोर्ट ने यह भी साफ किया कि उसने कबूतरखानों को पूरी तरह से बंद करने का कोई आदेश नहीं दिया है। हालांकि, दालत ने इस मामले में उचित नीति तैयार करने के लिए विशेषज्ञों की एक समिति गठित करने का निर्देश दिया है।
142 लोगों पर लगा जुर्माना
कोर्ट ने बीएमसी और राज्य सरकार को नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेषज्ञों की सलाह से ठोस कदम उठाने की अनुमति दी है। अदालत ने यह भी माना कि कबूतरों के मल-मूत्र से होने वाली बीमारियां, खासकर सांस संबंधी रोगों का खतरा गंभीर है, जिसे अनदेखा नहीं किया जा सकता। इस कारण बीएमसी को कहा गया है कि वे विशेषज्ञों के सहयोग से वैकल्पिक उपायों पर विचार करें और पक्षियों को दाना खिलाने के लिए कोई ठीक जगह निर्धारित करें। बीएमसी ने अब तक इस प्रतिबंध का उल्लंघन करने वाले 142 लोगों पर जुर्माना लगाया है और करीब 68,700 रुपये वसूल किए हैं।
दादर कबूतरखाने को लेकर हुआ था विवाद
बीते दिनों दादर इलाके के एक कबूतरखाने पर बीएमसी ने तिरपाल लगा दिया था, जिसको प्रदर्शनकारियों ने हटाने की कोशिश की थी। इन प्रदर्शनकारियों में जैन समुदाय के लोग शामिल थे, जो कबूतरों को दाना देना अपनी धार्मिक आस्था का अहम हिस्सा मानते हैं। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने रोकथाम की कोशिश की, जिससे कुछ झड़पें भी हुईं। घटना के बाद राज्य के मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन की निंदा की। उन्होंने यह भी कहा कि जैन मंदिर के ट्रस्ट का इस प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। मंत्री ने पुलिस को उचित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री का भी आया बयान
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस विवाद को लेकर स्पष्टता जताई कि कबूतरखानों को अचानक बंद करना सही नहीं होगा। उन्होंने बीएमसी को निर्देश दिया है कि जब तक कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं बनती, तब तक नियंत्रित तरीके से पक्षियों को खाना खिलाने की अनुमति दी जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक संतुलित नीति बनानी होगी, जिसमें यह स्पष्ट हो कि कब और कहां कबूतरों को खाना दिया जा सकता है, जिससे न केवल नागरिकों के स्वास्थ्य की रक्षा हो सके बल्कि धार्मिक भावनाओं का भी सम्मान हो। उन्होंने इस बारे में पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी से भी चर्चा की है।
