मुंबई : मुंबई एयरपोर्ट पर उस वक्त हड़कंप मचा गया, जब मंगलवार की दोपहर 2 बजे तक एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली। जानकारी के मुताबिक, पुलिस कण्ट्रोल रूम में सुबह 9 बजे एक अज्ञात शख्स ने धमकी भरा कॉल कर डराने की कोशिश की थी। हालांकि, MIDC पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी शख्स को महज एक घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान मनजीत कुमार गौतम (35) के रूप में हुई है।
कॉलर ने मुंबई पुलिस कण्ट्रोल रूम मे कॉल करके बताया था कि दोपहर 2 बजे मुंबई एयरपोर्ट को उड़ा देगा। आरोपी उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। फिलहाल, मुंबई के साकीनाका इलाके में रहता है। पुलिस ने कॉलर को गिरफ्तार कर आगे की जांच में जुट गई है। यह महज अफवाह थी या कोई साजिश रची जा रही थी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
एक सप्ताह में दूसरी बार मिली धमकी
यह एक सप्ताह के भीतर दूसरी धमकी है। इससे पहले 17 मई को भी मुंबई एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसमें ईमेल के जरिए ताज महल पैलेस होटल और एयरपोर्ट को उड़ाने की बात कही गई थी। उस मेल में 2001 संसद हमले के दोषी अफजल गुरु को फांसी देना अन्यायपूर्ण बताया गया था। हालांकि, सघन चेकिंग के बाद कोई संदिग्ध वस्तु नहीं बरामद हुई थी।
