मुंबई

Mumbai Monorail: मुंबई में भारी बारिश के बीच अचानक रुक गई मोनो रेल, बाहर निकाले गए 17 यात्री

मुंबई के वडाला इलाके में सोमवार को मोनोरेल अचानक तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते में रुक गई। फंसे हुए यात्रियों को चेंबूर से आ रही दूसरी मोनोरेल में बैठाकर रवाना किया गया। अब सेवा फिर बहाल हो गई है।

Image

वडाला इलाके में खड़ी मोनोरेल (ANI)

Photo : ANI

Mumbai Monorail Update: मुंबई में सोमवार सुबह से हो रही तेज बारिश के बीच वडाला इलाके में मोनोरेल सेवा में एक बड़ी दिक्कत सामने आई। सुबह करीब 7 बजे वडाला की ओर जा रही एक मोनोरेल अचानक तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते में रुक गई। इस घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मोनोरेल कॉर्पोरेशन ने बताया कि यह समस्या सप्लाई में गड़बड़ी के कारण हुई थी और फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित रूप से बाहर निकाल लिया गया।

17 यात्रियों को निकाला गया

जानकारी के मुताबिक, इसके बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। फंसे हुए यात्रियों को चेंबूर से आ रही दूसरी मोनोरेल में बैठाया गया। मोनोरेल कॉर्पोरेशन ने बताया कि यह समस्या आपूर्ति में गड़बड़ी के कारण हुई थी, जिसकी जांच की जा रही है। मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (MMRDA) के पीआरओ ने बताया, कि वडाला मोनोरेल में तकनीकी खराबी के कारण 17 यात्रियों को सुबह 7:45 बजे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

शुरू हुई मोनोरेल

मोनोरेल सेवाएं आंशिक रूप से प्रभावित हुई थीं, जिसे अब फिर से ठीक कर लिया गया है। MMRDA ने बताया है कि मोनोरेल की दोनों लाइनों पर सेवाएं अब पूरी तरह से सामान्य हो गई हैं। मोनोरेल के अचानक खराब हो जाने की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए वार्ड 175 के पार्षद और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के नेता राजेश आनंदा भोजने ने कहा कि, “यह समस्या बार-बार हो रही है। सरकार को तुरंत इसका स्थायी समाधान करना चाहिए।”

मुंबई में जारी हुआ रेड अलर्ट

बता दें कि, इस समय महाराष्ट्र और खास तौर पर मुंबई में मौसम बिगड़ा हुआ है। रविवार देर रात से ही झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है। महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों के लिए अगले तीन घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) मुंबई के अनुसार, इन क्षेत्रों में तेज से बहुत तेज बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। लोगों को सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article