Mumbai Metro Extended Services: मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने शनिवार को घोषणा की कि गणपति उत्सव के दौरान, 27 अगस्त से 6 सितंबर तक, मेट्रो की लाइन 2ए और लाइन 7 की सेवाओं का समय बढ़ाकर मध्यरात्रि तक किया जाएगा। एमएमआरडीए ने एक विज्ञप्ति में बताया कि यह कदम त्योहार के दौरान बढ़ी हुई भीड़ को संभालने के लिए उठाया गया है।
लाइन 2ए, जिसे ‘यलो लाइन’ भी कहा जाता है, दहिसर (पूर्व) से अंधेरी (पश्चिम) तक चलती है, जबकि लाइन 7 या ‘रेड लाइन’ दहिसर (पूर्व) और गुंडावली (पूर्व) के बीच संचालित होती है। एमएमआरडीए ने बताया कि 10-दिन के गणपति उत्सव के दौरान, दोनों टर्मिनल स्टेशन अंधेरी पश्चिम (लाइन 2ए) और गुंडावली (लाइन 7) से अंतिम ट्रेन रात 12 बजे रवाना होगी। सामान्य समय में ये अंतिम सेवाएं रात 11 बजे प्रस्थान करती हैं।
317 ट्रेन सेवाएं संचालित
महा मुंबई मेट्रो ऑपरेशंस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MMMOCL) सोमवार से शुक्रवार दोनों लाइनों पर 317 ट्रेन सेवाएं संचालित करती है, जबकि सप्ताहांत में यह संख्या 256 होती है। एमएमआरडीए के प्रमुख संजय मुखर्जी ने बताया कि उत्सव के दौरान सप्ताह के व्यस्त समय में ट्रेनें और अधिक बार चलेंगी और रविवार को 10 मिनट के अंतराल पर सेवाएं उपलब्ध होंगी। एमएमएमओसीएल की प्रबंध निदेशक रूबल अग्रवाल ने कहा कि इस विस्तारित सेवा से त्योहारों के दौरान भीड़ को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकेगा।
गणेश उत्सव के दौरान परीक्षाओं का आयोजन
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता अमित ठाकरे ने शनिवार को दावा किया कि राज्य के कुछ स्कूल और कॉलेज गणेश उत्सव के दौरान परीक्षाएं आयोजित कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से हस्तक्षेप कर इस अवधि में अवकाश सुनिश्चित करने की मांग की। इस मुद्दे पर अपनी बात को मजबूत करने के लिए ठाकरे ने सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार से भी मुलाकात की। मनसे की छात्र शाखा के अध्यक्ष ने बताया कि महाराष्ट्र सरकार ने गणेशोत्सव को राज्य स्तर का उत्सव घोषित किया है।
(भाषा - इनपुट)
