Solapur Fire: महाराष्ट्र में सोलापुर के MIDC क्षेत्र में स्थित टॉवल फैक्ट्री में कल (रविवार, 18 मई) भीषण आग लग गई थी। आग की इस घटना में 8 लोगों की मौत होने की खबर सामने आई है। आग की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि बचाव अभियान में दमकलकर्मी भी घायल हुए हैं। फायर ऑफिसर राकेश सालुंके ने बताया कि टॉवल फैक्ट्री में लगी भीषण आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को 5 से 6 घंटे का समय लगा।
सोलापुर टॉवल फैक्ट्री में लगी भीषण आग
सोलापुर के एमआईडीसी के अक्कलकोटा रोड पर स्थित सेंट्रल टेक्सटाइल मिल में तड़के 3:45 बजे आग लगी थी। यहां लगी आग इतनी भीषण थी फैक्ट्री से निकलती आग की लपटों को दूर से देखा जा सकता था। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर दमकल की कई गाड़ियां पहुंची। पुलिस और दमकल कर्मियों ने फैक्ट्री में फंसे फैक्ट्री के मालिक और परिवार के अन्य लोगों को बचाने के लिए अभियान शुरू किया। लेकिन हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, इस हादसे में फैक्ट्री मालिक हाजी उस्मान मंसूरी और डेढ़ वर्षीय पोते सहित परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई है। इस घटना में फैक्ट्री में काम करने वाले चार श्रमिकों की भी मौत हुई है। पुलिस ने बतया कि मृतकों में तीन महिलाएं शामिल है। पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है।
आग के कारणों की हो रही जांच
प्रथम दृश्यता में यह शॉर्ट सर्किट का मामला लग रहा है। लेकिन जांच के बाद ही असली कारण के बारे में पता लग पाएगा। आग पर काबू पाने के बाद पुलिस और दमकल की टीम आग लगने की वजह की जांच कर रही है।
