मुंबई

Maharashtra Rainfall Alert: मूसलाधार बारिश से पानी-पानी मुंबई, इतने जिलों में 5 दिन ऑरेंज अलर्ट; तूफान की चेतावनी

Maharashtra Rain Alert: केरल में मानसून के दस्तक देने से महाराष्ट्र का भी मौसम बदल गया है। मौसम विभाग ने कोंकण क्षेत्र और कुछ पश्चिमी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 26 मई के लिए रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों तथा सतारा, कोल्हापुर और पुणे के घाट क्षेत्रों के लिए यह अलर्ट जारी किया गया है।

Image

मुंबई में बारिश से सड़कें लबालब

Maharashtra Rain Alert: मौसम विभाग ने रविवार को महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र और कुछ पश्चिमी जिलों में अगले कुछ दिनों में ‘मूसलाधार बारिश’की चेतावनी जारी की। मानसून दक्षिणी महाराष्ट्र में पहुंच चुका है, मुंबई और कोंकण में मानसून-पूर्व वर्षा हो रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दोपहर को कोंकण के रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के साथ-साथ सतारा और पुणे जिलों और कोल्हापुर जिले सहित उनके घाट (पहाड़ी) क्षेत्रों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया। रायगढ़ के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ केवल 25 और 26 मई के लिए है, लेकिन रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों तथा सतारा, कोल्हापुर और पुणे के घाट क्षेत्रों के लिए यह अलर्ट पांच दिनों के लिए रहेगा। आईएमडी ने कहा कि कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश, गरज के साथ बिजली चमकने और 50-60 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मुंबई, ठाणे, पालघर सहित महाराष्ट्र के कई अन्य जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ भी जारी किया गया है। इन जिलों में भारी बारिश और गरज के साथ बिजली चमकने और 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC)के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई शहर, उसके पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में सुबह आठ बजे समाप्त हुए 24 घंटों में औसतन क्रमश: 37 मिमी, 15 मिमी और 18 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मुंबई में बारिश से सड़कें फुल

मुंबई में मौसम का रुख पहले ही बदल चुका है। पिछले 24 घंटों में कोलाबा में 10 मिमी बारिश हुई, जबकि सांताक्रूज़ में 27 मिमी बारिश दर्ज की गई। मुंबई में मई में बारिश अब 130.5 मिमी हो गई है - जो औसत 11.3 मिमी से कहीं ज़्यादा है। शाम और रात के समय सबसे ज़्यादा बारिश होने की उम्मीद है। सबसे तेज़ बारिश दक्षिण मुंबई-कोलाबा, दादर, परेल, माहिम और बांद्रा में होगी, जबकि ठाणे, नवी मुंबई और पालघर जैसे उत्तरी उपनगरों में धीरे-धीरे बारिश हो सकती है। यह पैटर्न पश्चिमी तट पर मानसून की शुरुआत के सामान्य व्यवहार को दर्शाता है और दक्षिण-पश्चिम मानसून के समय से पहले प्रवेश का संकेत भी दे सकता है।

प्री-मानसून की गतिविधियां पुणे, मुंबई और गोवा में भी दिख रही हैं। अब यह नासिक समेत कई अन्य जिलों को अपनी गिरफ्त में लेगा, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article