शहर

कल का मौसम 26 May 2025 : आने वाला है तूफान, मूसलाधार बारिश करेगी हाल बेहाल; मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट

Kal Ka Mausam, 26 May 2025, कल का मौसम कैसा रहेगा, Aaj Aur Kal ka Mausam kaisa Rahega: केरल में मानसून की एंट्री के बाद कई राज्यों में मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। दक्षिण भारत और पश्चिम भारत में भारी बारिश की संभावना व्यक्त की जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश में धूल भरी आंधी के साथ बारिश का पूर्वानुमान है। उधर, पूर्वोत्तर के राज्यों ओडिशा, असम, सिक्किम और अरुणाचल में भी मौसमी गतिविधियां होने से मौसम सुहावना रहेगा।

Image

कल का मौसम

Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा) : पूरे देश में मौसम का मिजाज बदल चुका है। खासकर, उत्तर भारत में भीषण गर्मी के बीच मौसम का रुख बदलने से काफी राहत मिल रही है। दिल्ली-एमसीआर में तेज आंधी और बारिश ने मौसम को बेहद खुशनुमा बना दिया है। दिन में भी बादल छाए हुए हैं और हल्की ठंडी हवाएं बह रही हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान कई राज्यों में मानसून का असर होने की बात कही है। इस दौरान उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, बिहार और राजस्थान में तेज हवाओं, गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है, जिससे बढ़ते तापमान पर थोड़ा ब्रेक लगेगा और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। इसके अलावा केरल में मानसूनी बारिश का दौर जारी रहेगा। वहीं, महाराष्ट्र, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, तेलंगाना, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर में तेज हवाओं तूफान के साथ बारिश की संभावना है। इस दौरान कई राज्यों में आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है।

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली27 °C33 °C
मुंबई26 °C31 °C
भोपाल26 °C35 °C
पटना27 °C33 °C
लखनऊ28 °C36 °C
जयपुर 29 °C38 °C
चेन्नई29 °C35 °C
बेंगलुरु21 °C24 °C
शिमला14 °C23 °C
देहरादून22 °C29 °C
कश्मीर9 °C17 °C

यूपी कल का मौसम

यूपी में मौसम ने करवट बदल ली है। भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बादलों ने राहत दी है। फिलहाल, राज्य के कई जिलों में तेज हवाओं आंधी के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश ने मौसम को सुहावना कर दिया है, जिससे बढ़ते तापमान पर थोड़ा ब्रेक लगा है। मौसम विभाग ने रविवार देर और सोमवार तक राज्य के 46 जिलों में अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में आंधी के साथ आकाशीय बिजली गिरने और हल्की बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

दिल्ली-एनसीआर में कल का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में शनिवार-रविवार की रात तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने पहले ही इसे लेकर रेड अलर्ट जारी कर दिया था। कुछ घंटों की बारिश में ही दिल्ली के कई इलाकों में जबरदस्त जलभराव देखने को मिला। आईएमडी के अनुसार, रविवार को भी हल्की से तेज बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है। वहीं, 18 किमी/घंटा या इससे अधिक तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। हालांकि, सोमवार से फिर से तापमान में वृद्धि देखने को मिलेगी। 26 मई से जून के पहले सप्ताह तक बारिश की संभावना कम जताई गई है। आने वाले दिनों में तापमान का पारा अधिकतम 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार-रविवार की रात सिर्फ दिल्ली ही नहीं बल्कि गोवा, महाराष्ट्र, पूर्वोत्तर भारत के राज्य, लद्दाख में भी बारिश हुई है। रविवार को तमिलनाडु के कन्याकुमारी, तिरुनेलवेली, तेनकासी, थेनी, तिरुप्पुर, कोयम्बटूर और नीलगिरी जिलों में एक या दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ हल्की आंधी और बिजली गिरने की संभावना है।

दूसरी ओर, शनिवार-रविवार मध्यरात्रि हुई भारी बारिश के चलते दिल्ली, फरीदाबाद-नोएडा, गाजियाबाद में भी जलभराव की समस्या बनी। वसंत कुंज, आईटीओ, मिंटो ब्रिज, कनॉट प्लेस और हुमायूं रोड जैसे स्थान जलमग्न हो गए। दिल्ली के कई हिस्सों से ऐसी तस्वीरें भी सामने आईं, जहां कार पानी में डूबी नजर आई। दिल्ली एयरपोर्ट पर घने बादल, तेज हवाएं और सीमित विजिबिलिटी के चलते टेकऑफ और लैंडिंग दोनों प्रभावित हुए हैं। एयरपोर्ट पर कई फ्लाइट्स देरी से संचालित की गईं।

बिहार में कैसा है मौसम

बिहार में मौसम के तेवर बदले हुए हैं। राज्य के अधिकांश भागों में आंधी बारिश के साथ मेघ गर्ज और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य के दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पश्चिम के भागों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और बारिश भी हो सकती है। इस दौरान कई इलाकों में ठनका (आकाशीय बिजली) और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है।

राजस्थान का मौसम

राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच मौसम बदलने के संकेत हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, 28 मई से राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट की संभावना है, क्योंकि प्री मानसून की गतिविधियां तेज होंगी। 30 मई तक रुक रुक कर बारिश, गरज-चमक और धूल भरी आंधी का दौर चल रहा है, जिससे मौसम कुछ हद तक सुहाना होगा। अगले कुछ दिनों में रेगिस्तान तपिश को शांत करने वाली बारिश की बूंदे राहत का एहसास दिलाएंगी। विभाग ने सोमवार को जयपुर, बाड़मेर और बीकानेर में भीषण गर्मी का ‘रेड अलर्ट’, जोधपुर के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ और नागौर, पाली, जालौर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

हिमाचल में बारिश का पूर्वानुमान

मौसम विभाग ने बताया कि 25 और 26 मई को सिरमौर, सोलन, शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा और चंबा जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने नौ जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है, जिसमें संभावित बारिश, ओलावृष्टि और आंधी की चेतावनी दी गई है। इन जिलों में बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन शामिल हैं। लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

हरियाणा और पंजाब में बारिश

हरियाणा और पंजाब के कई स्थानों पर रविवार को मध्यम से भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने बताया कि हरियाणा में रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 24 घंटों में भारी बारिश हुई। करनाल में 118 मिमी, अंबाला में 43 मिमी, हिसार में 73.9 मिमी, सिरसा में 39 मिमी, गुरूग्राम में 39.5 मिमी, झज्जर में 40.5 मिमी, कैथल में 78 मिमी और कुरूक्षेत्र में 65 मिमी बारिश हुई। पंजाब में इस अवधि के दौरान अमृतसर में 13.2 मिमी, लुधियाना में 3.2 मिमी, पटियाला में 8.9 मिमी, पठानकोट में 27 मिमी, बठिंडा में 16 मिमी, फरीदकोट में 16 मिमी, गुरदासपुर में 36.8 मिमी, फिरोजपुर में 3 मिमी और मोहाली में 0.5 मिमी बारिश हुई। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में हल्की बारिश हुई। बारिश ने उमस भरे मौसम से राहत दिलाई और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गयी। मौसम विभाग के मुताबिक, अभी मौसम का मिजाज बदला रहेगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article