मुंबई

महाराष्ट्र सरकार का बड़ा फैसला, 31 मई तक अतिक्रमण मुक्त होंगे राज्य के सभी किले

महाराष्ट्र में स्थित सभी ऐतिहासिक किलों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी किलों 31 मई तक अतिक्रमण मुक्त हो जाएंगे।

Image

महाराष्ट्र मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य में स्थित किलों पर अतिक्रमण को हटाने के लिए और इसके खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने राज्य भर में किलों से अवैध अतिक्रमण को पूरी तरह से हटाने के लिए 31 मई तक का लक्ष्य तय किया है। अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारियों को 31 जनवरी तक किलेवार अतिक्रमण की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यवस्थित दृष्टिकोण सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारियों की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समितियां गठित की जाएगी, जो एक फरवरी से 31 मई तक चरणबद्ध तरीके से अतिक्रमण हटाए जाने की निगरानी करेंगी।

महाराष्ट्र में किलों से हटाया जाएगा अतिक्रमण

मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में अतिक्रमण रोकने के मकसद से सरकार सतर्कता समितियां भी गठित करेगी। फडणवीस ने कहा, "निर्णायक कार्रवाई के लिए जनता की मांग बढ़ रही थी और सरकार ने इसके अनुसार यह कार्रवाई की है।" महाराष्ट्र में 47 किले केंद्र द्वारा संरक्षित हैं, 62 राज्य द्वारा संरक्षित हैं और लगभग 300 किले संरक्षण रहित हैं। इस पहल का उद्देश्य इन सांस्कृतिक धरोहरों के ऐतिहासिक और सौंदर्य संबंधी महत्व को संरक्षित करना है। राज्य सरकार ने सोमवार को सरकारी संकल्प (जीआर) जारी कर किलों पर अतिक्रमण से निपटने के लिए समितियों के गठन का आदेश दिया।

राज्य के संस्कृति मंत्री आशीष शेलार ने कहा, "जिला स्तरीय समितियों में पुलिस आयुक्त, नगर निगम प्रमुख, वन अधिकारी और पुरातत्व विभाग के प्रतिनिधि शामिल होंगे। वे सुनिश्चित करेंगे कि अतिक्रमणकारियों से ठीक तरह से निपटा जाए और कानून-व्यवस्था बनी रहे।" उन्होंने कहा कि समितियां प्रगति की समीक्षा करने के लिए मासिक बैठक करेंगी और राज्य सरकार को नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगी। यह कदम कोल्हापुर जिले के विशालगढ़ किले पर अतिक्रमण के बाद उठाया गया है। शेलार ने कहा कि इस पहल में मौजूदा अतिक्रमण को हटाना और यह सुनिश्चित करना शामिल है कि ये ऐतिहासिक धरोहर भावी पीढ़ियों के लिए अच्छी तरह संरक्षित रहें।

(इनपुट - भाषा)

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article