गुरुवार को एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत की अंजनाबेन बंबडिया ने महिलाओं की 400 मीटर T47 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता, जबकि इसी स्पर्धा में उनकी हमवतन जयंती बेहरा ने रजत पदक हासिल किया। बंबडिया ने 59.97 सेकंड का समय लिया और वह चार एथलीटों की इस दौड़ में एक मिनट से कम समय लेने वाली एकमात्र धावक रहीं। बेहरा ने 1:00.65 सेकंड का समय निकाला, जबकि थाईलैंड की ससीरावन इनथाचोट ने 1:02.58 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक जीता।
महिलाओं की 400 मीटर T12 स्पर्धा में, दृष्टिबाधित तेजलबेन दामोर ने 57.60 सेकंड का समय लेकर रजत पदक जीता, जो इन खेलों में उनका दूसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने 200 मीटर T12 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। T47 श्रेणी में वे एथलीट आते हैं जिनकी कोहनी के नीचे से या कलाई के नीचे से कोई बांह नहीं है, या जिनके ऊपरी अंग में कोई ऐसी कमी या विकलांगता है जिससे एक हाथ प्रभावित होता है।
टेबल टेनिस में भाविना-शुभम की जोड़ी को कांस्य से करना पड़ा संतोष
भारत की भाविना पटेल और शुभम वाधवा को मिक्स्ड डबल्स XD7 टेबल टेनिस के सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया के जांग येओंगजिन और ली मिग्यू से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्होंने कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) हासिल किया।
सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय जोड़ी को 6-11, 11-8, 5-11, 11-8 से हार मिली, जिससे उनका सफर यहीं समाप्त हो गया। हालांकि, क्वार्टर फाइनल में जीत के साथ ही उनका पदक पक्का हो चुका था।
भाविना और शुभम ने क्वार्टर फाइनल में जापान की किमी बेशो और मासानोरी यूनो के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था। भारतीय जोड़ी ने 11-9, 11-3, 11-6 से जीत दर्ज करके सेमीफाइनल में जगह बनाई और अपने लिए एक पदक पक्का कर लिया।
दक्षिण कोरियाई जोड़ी के खिलाफ उनका मुकाबला काफी कठिन रहा; दूसरे गेम में पिछड़ने के बाद जांग और ली ने वापसी की और मैच पर अपना नियंत्रण बना लिया। हार के बावजूद, भारतीय जोड़ी ने XD7 कैटेगरी में कांस्य पदक के साथ अपना सफर पूरा किया। इस कैटेगरी में ऐसे व्हीलचेयर एथलीट शामिल होते हैं, जिनका बैठने का संतुलन मध्यम स्तर का होता है।
वहीं दूसरी ओर, मिक्स्ड डबल्स XD17 इवेंट में भारत के दत्ताप्रसाद चौगुले और सविता सेमीफाइनल में पहुंचने से चूक गए। उन्हें फिलीपींस के विलफ्रेड रेडुल्ला और मैंगिनसे ले के खिलाफ पांच गेम तक चले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।
