महिंद्रा ग्रुप (Mahindra) के चेयरमैन आनंद महिंद्रा (Anand Mahindra) सोशल मीडिया पर अपने दिलचस्प और मजेदार जवाबों के लिए जाने जाते हैं। इस बार एक फैन ने उनसे ऐसा सवाल पूछ लिया, जिसका जवाब देते हुए आनंद महिंद्रा को अपनी जिंदगी की 'वारंटी' बढ़ाने की गुजारिश करनी पड़ी। दरअसल, एक फैन ने महिंद्रा की गाड़ियों में दमदार V8 और V10 इंजन देने की मांग की। हालांकि, इस मांग के साथ उसने आनंद महिंद्रा की जिंदगी को लेकर ऐसी बात कह दी, जिसे पढ़कर वे भी हैरान रह गए। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला-
फैन ने आनंद महिंद्रा से क्या कहा?
प्रणेश नाम के एक यूजर ने एक्स हैंडल पर आनंद महिंद्रा को कहा, 'आनंद अंकल, मैं बचपन से आपका बहुत बड़ा फैन रहा हूं। आप शायद अगले 20 साल में इस दुनिया में नहीं होंगे। ऐसे में क्यों न जाने से पहले एक शानदार V8 और V10 इंजन बनाकर जाएं।'
यूजर ने आगे कहा कि सोचिए अगर महिंद्रा स्कॉर्पियो में एक छोटा V8 इंजन लगा दिया जाए, जो 500 हॉर्सपावर की ताकत पैदा करता हो, तो वह कितनी शानदार गाड़ी होगी।
आनंद महिंद्रा ने दिया मजेदार जवाब
फैन की इस पोस्ट पर आनंद महिंद्रा ने बड़े ही मजेदार अंदाज में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, 'प्रणेश, मुझे खुशी है कि आप मेरे फैन हैं। लेकिन जिस भरोसे के साथ आपने मेरी जिंदगी की एक्सपायरी डेट अगले 20 साल तय कर दी है, उससे मैं थोड़ा हिल गया हूं।'
उन्होंने आगे कहा कि 20 साल का समय भी एक सम्मानजनक पारी होगी, लेकिन मैं इस धरती पर इससे थोड़ा ज्यादा समय तक रहना चाहता हूं।
महिंद्रा बोले 'पहले मेरी वारंटी तो बढ़ा दो'
आनंद महिंद्रा ने अपने जवाब के आखिर में ऐसा मजेदार सवाल पूछा, जिसने पूरी बातचीत को दिलचस्प बना दिया। उन्होंने लिखा, 'तो V8 इंजन पर चर्चा करने से पहले क्या मैं आपको अपनी वारंटी बढ़ाने के लिए मना सकता हूं?'
क्या महिंद्रा बनाएगी V8 इंजन वाली स्कॉर्पियो?
फैन की मांग के बाद बड़ा सवाल यह है कि क्या महिंद्रा भविष्य में V8 या V10 इंजन वाली स्कॉर्पियो पेश करेगी? फिलहाल आनंद महिंद्रा ने ऐसी किसी तैयारी की पुष्टि नहीं की है। उनका जवाब केवल मजाकिया बातचीत का हिस्सा था।
