अगर आप Delhi-NCR में रहते हैं तो आपको यहां के जाम के बारे में जानकारी होगी ही। अगर दिल्ली से पलवल की तरफ जाना हो तो लंबा समय दिल्ली के जाम में ही लग जाता है। इसके बाद NCR के अन्य हिस्सों में भी जाम से लोग परेशान रहते हैं। लेकिन अब दिल्ली-फरीदाबाद-सोहना-पलवल एक्सप्रेसवे कॉरिडोर राहत की नई उम्मीद लेकर आया है।
ट्रायल रन के दौरान सराय काले खां से सोहना और पलवल तक का सफर लगभग 40-45 मिनट में पूरा होने की बात सामने आई है, जबकि पीक आवर्स में इसी यात्रा में लगभग तीन घंटे तक का समय लग सकता है। हालांकि, यह ट्रायल के दौरान दर्ज समय है, नियमित यात्रा में इतना ही वक्त लगेगा, इसकी गारंटी नहीं है। फिर भी यह तो तय है कि यात्रा समय में लगभग आधा समय तो बचेगा ही।
लगभग 59 किलोमीटर लंबे DND-फरीदाबाद-सोहना एक्सेस कंट्रोल्ड हाईवे के अंतिम हिस्से का काम भी पूरा हो चुका है। इसके साथ दिल्ली की ओर DND फ्लाईवे से जैतपुर तक करीब 9 किलोमीटर का हिस्सा भी इस कॉरिडोर से जुड़ता है। इस मार्ग से दिल्ली, फरीदाबाद, बल्लभगढ़, सोहना और पलवल के बीच आवाजाही आसान होने की उम्मीद है।
दिल्ली से पलवल जाने का क्या होगा नया रूट?
यह कॉरिडोर सराय काले खां से शुरू होकर जैतपुर और मीठापुर होते हुए फरीदाबाद की ओर जाता है। आगे यह कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे नेटवर्क से जुड़ता है। करीब 59 किलोमीटर लंबा DND-फरीदाबाद-सोहना एक्सेस कंट्रोल्ड हाईवे NH-148A के नाम से जाना जाता है। इसके अलावा DND फ्लाईवे से जैतपुर तक करीब 9 किलोमीटर का हिस्सा दिल्ली को इस नेटवर्क से जोड़ता है।
इस रूट से फरीदाबाद, बल्लभगढ़, सोहना और पलवल जाने वाले वाहन चालकों को मौजूदा व्यस्त सड़कों के विकल्प मिलेंगे। खासतौर पर दक्षिण दिल्ली से हरियाणा की ओर जाने वाले लोगों को इसका फायदा मिलने की उम्मीद है।
आश्रम चौक और मथुरा रोड पर घटेगा जाम?
नए एक्सप्रेसवे कॉरिडोर का एक बड़ा मकसद दिल्ली के व्यस्त ट्रैफिक मार्गों पर दबाव कम करना है। इसके चालू होने से आश्रम चौक, कालिंदी कुंज और मथुरा रोड पर ट्रैफिक का दबाव घटने की उम्मीद है। दक्षिण दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी के मुताबिक, इस मार्ग से समय और ईंधन दोनों की बचत हो सकती है। DND फ्लाईवे से फरीदाबाद तक का सफर भी लगभग 20 मिनट में पूरा होने की संभावना जताई गई है।
हालांकि, असल में कितना समय बचेगा, यह ट्रैफिक की स्थिति, एंट्री और एग्जिट प्वाइंट्स के साथ ही एक्सप्रेसवे के पूरी तरह चालू होने के बाद की व्यवस्थाओं पर निर्भर करेगा।
क्या एक्सप्रेसवे आम लोगों के लिए खुल गया है?
कॉरिडोर के अलग-अलग हिस्सों की स्थिति अलग है। DND फ्लाईवे से जैतपुर तक का करीब 9 किलोमीटर हिस्सा ट्रायल के लिए खोला गया है। ट्रायल के दौरान इस हिस्से पर टोल नहीं लिया जा रहा है और स्पीड लिमिट भी 40 किलोमीटर प्रति घंटा रखी गई है। वहीं, हरियाणा में जैतपुर से सोहना और KMP एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाला करीब 50 किलोमीटर का हिस्सा चालू है, जहां टोल और सामान्य हाईवे नियम लागू हैं।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, कॉरिडोर का उद्घाटन इस साल के अंत तक हो सकता है, लेकिन आधिकारिक तारीख की पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए यात्रा से पहले ताजा ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर जांच लें।
