Maharashtra News: महाराष्ट्र के बीड जिले के माजलगांव कस्बे से एक बड़ा विवाद सामने आया है। यहां मंगलवार को आयोजित 'आई लव मोहम्मद' मामले में चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान एक मौलवी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ भड़काऊ और आपत्तिजनक टिप्पणी की।
क्या कहा मौलवी ने?
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में मौलवी हाफिज अशफाक शेख खुलेआम चुनौती देते हुए कह रहा है, "अगर हिम्मत है तो माजलगांव आकर उस व्यक्ति को गिरफ्तार करो जिसने 'आई लव' का बैनर लगाया है। मैं खुदा की कसम खाता हूं, मुस्तफा मस्जिद के सामने उस आदमी को चुनौती देता हूं... तुम्हें यहीं दफनाया जाएगा।" यह भाषण धमकी भरे लहजे में दिया गया था और अब इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
माजलगांव नगर पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी मौलवी हाफिज अशफाक शेख के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह भड़काऊ भाषण 23 सितंबर को दिया गया था, लेकिन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब कार्रवाई की गई है।
क्या है 'आई लव मोहम्मद' का मामला
'आई लव मोहम्मद' का मामला यूपी के कानपुर से शुरू हुआ। सितंबर की शुरुआत में बारावफात के जुलूस के दौरान मुस्लिम युवाओं ने आई लव मोहम्मद लिखे पोस्टर- बैनर लगाए थे। जिसपर हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताई और माहौल गरमा गया। एफआईआर दर्ज हुए और दोनों समुदायों में धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर बहस छिड़ गई। कई जगहों पर इसे लेकर जुलूस निकले और स्थिति भी बिगड़ी।
