Maharashtra News: महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग जिले के शिरोडा वेलागर (वेंगुर्ले) में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां पिकनिक मानने आए एक परिवार के 3 लोगों की अरब सागर में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सिंधुदुर्ग में घूमने आए बेलगाम के 8 पर्यटक समुद्र में नहाने उतरे थे, लेकिन अचानक समुद्र जलस्तर बढ़ने के कारण 7 लोग पानी में बह गए। इसमें तीन की मौत हो गई और एक 16 वर्षीय लड़की को सुरक्षित बचा लिया गया। चार लोगों की तलाश अभी भी जारी है।
समुद्र की गहराई का अंदाजा न होने से हादसा
अधिकारी के अनुसार, यह घटना मुंबई से 490 किलोमीटर से भी अधिक दूर स्थित शिरोडा-वेलागर समुद्र तट पर शाम करीब चार बजे हुई। उन्होंने कहा, ‘‘एक ही परिवार के आठ सदस्य पिकनिक मना रहे थे। उनमें से दो कुडाल (सिंधुदुर्ग) में ठहरे थे, जबकि छह अन्य बेलगाम (कर्नाटक के बेलगावी) से आए थे।’’ जानकारी के अनुसार, ये सभी पर्यटक सिंधुदुर्ग जिले में घूमने आए थे और कुडल तालुका स्थित अपने रिश्तेदारों के घर पर रुके थे। घूमने के दौरान वे शिरोडा बीच पहुंचे थे। लेकिन समुद्र की गहराई का अंदाजा न होने के कारण हादसे का शिकार हो गए।
तैरने के लिए उतरे थे सभी
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सभी आठ लोग तैरने के लिए समुद्र में गए, लेकिन कुछ ही देर बाद वे डूबने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय आपदा प्रबंधन टीम ने बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारी ने बताया कि तलाशी के दौरान तीन लोगों के शव बरामद किए गए, जबकि चार अन्य अब भी लापता हैं। उन्होंने बताया कि 16 वर्षीय एक लड़की को बचाया गया है और बाकी चार की तलाश देर शाम तक जारी रही।
(इनपुट - भाषा)
