मुंबई

देश को आज मिलेगा सबसे लंबा एक्सप्रेसवे, दो 'राजधानियों' को जोड़कर Travel Time को करेगा आधा

देश का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे दिल्ली और मुंबई के बीच निर्माणाधीन है। लोगों को इस एक्सप्रेसवे के खुलने का बड़ी बेसब्री से इंतजार है। लेकिन अभी इस एक्सप्रेसवे पर काफी काम बचा है। इस बीच देश का एक और एक्सप्रेसवे आज खुल रहा है, जो फिलहाल देश का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे होगा।

Image

मौजूदा समय में यह देश का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे है

देश तेजी से विकास की राह पर कुलांचें मार रहा है। विकास की ओर इस रफ्तार को और भी तेजी देने के लिए देश देशभर में एक्सप्रेसवे का जाल बिछाया जा रहा है। कई एक्सप्रेसवे बनकर तैयार हो चुके हैं और उन पर गाड़ियां फर्राटा मार रही हैं, जबकि कुछ जल्द ही पूरा होने की उम्मीद बंधा रहे हैं। ऐसा ही एक एक्सप्रेसवे बनकर तैयार हो गया है और आज उसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। जिस एक्सप्रेसवे को आज खोले जाने की बात हो रही है वह महाराष्ट्र की दो राजधानियों मुंबई और नागपुर को आपस में जोड़ता है। जी हां, आपने सही समझा... यहां बात समृद्ध एक्सप्रेसवे की हो रही है।

महाराष्ट्र के लिए बहुत ही अहम माने जा रहे इस एक्सप्रेसवे (Samruddhi Expressway route) को आज जनता के लिए पूरी तरह से खोल दिया जाएगा। पहले भी इस एक्सप्रेसवे के कुछ हिस्सों को जनता के लिए खोला गया था, लेकिन अब यह पूरी तरह से जनता को समर्पित हो जाएगा। समृद्ध एक्सप्रेसवे की कई खासियतें हैं, चलिए सबके बारे में जानते हैं -

इस एक्सप्रेसवे के जरिए मुंबई और नागपुर के बीच यात्रा काफी आसान हो जाएगी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस एक्सप्रेसवे के अंतिम चरण (इगतपुरी से ठाणे) का उद्घाटन करेंगे। इस एक्सप्रेसवे का पूरा नाम हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे महाराष्ट्र समृद्धि महामार्ग है।

एक्सप्रेसवे की लंबाई

मुंबई और नागपुर को जोड़ने वाले इस 6 लेन के एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई 701 किमी है। 6 लेन के इस एक्सप्रेसवे को लगभग 55 हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। युद्ध जैसे हालात में इस एक्सप्रेसवे को लड़ाकू विमानों को उतारने के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है। एक्सप्रेसवे पर कुल 65 पुल, 24 इंटरचेंज, 6 सुरंगें और 400 से ज्यादा अंडर पास बनाए गए हैं। इस एक्सप्रेसवे पर मुंबई नागपुर एक्सप्रेसवे टनल भी बनी है।

Samridhi-Expressway

जब तक दिल्ली-मुबई एक्सप्रेसवे नहीं बन जाता, यही सबसे लंबा एक्सप्रेसवे है

मुंबई से नागपुर आधे समय में

इस एक्सप्रेसवे को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि इस पर अधिकतम 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गाड़ियां चल सकती हैं। लेकिन एक्सप्रेसवे की अधिकतम स्पीड को 120 किमी प्रति घंटे ही रखा गया है। पूरे एक्सप्रेसवे के आम जनता को समर्पित हो जाने के बाद मुंबई से नागपुर के बीच लगने वाला 16 घंटे का समय कम होकर मात्र 8 घंटे रह जाएगा।

इस नए एक्सप्रेसवे पर यात्रियों की सुरक्षा का भी खास ध्यान रखा गया है। एक्सप्रेसवे पर हर पांच किमी की दूरी के बाद सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इस एक्सप्रेसवे पर लिमिट से ज्यादा स्पीड से चलने वाली गाड़ियों के साथ ही लेन में चलने वाली गाड़ियों के चालान करने में भी इन कैमरों से मदद मिलेगी।

Samrudhi Expressway curv

मुंबई और नागपुर को जोड़ता है यह एक्सप्रेसवे

10 जिलों के लिए लाइफलाइन एक्सप्रेसवे

समृद्धि एक्सप्रेसवे महाराष्ट्र के 10 जिलों को आपस आपस में जोड़ रहा है। जिसमें नागपुर, वर्धा, अमरावती, वाशीम, बुलढाना, जालना, छत्रपती संभाजीनगर, नासिक, अहमदनगर और ठाणे हैं। यही नहीं इस एक्सप्रेसवे से भिवंडी, कल्‍याण, नासिक, कोपरगांव, शिरडी, जालना, वर्धा, छत्रपती संभाजीनगर जैसे बड़े शहर भी सीधे तौर पर जुड़े हैं।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article